धमतरी

शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में नगर निगम धमतरी को मिला प्रथम स्थान
16-Feb-2023 3:25 PM
शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में नगर निगम धमतरी को मिला प्रथम स्थान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 फरवरी।
गौरव समागम महोत्सव-2023 में धमतरी नगर निगम को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। लगातार दूसरी बार शहरी स्लम स्वास्थ्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महापौर-सभापति -कमिश्नर को सम्मानित किया। साथ ही शहर में विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ देने की घोषणा भी की।

बुधवार को रायपुर के बेबीलॉन इंटरनेशनल होटल में गौरव समागम-2023 अर्बन प्राइड अवार्डस कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल थे। अध्यक्षता नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने की। इस एक दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम एवं फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उत्कृष्ट करने वाले नगरीय निकायों का सम्मान किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर धमतरी नगर निगम को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों महापौर विजय देवांगन, सभापति अनुराग मसीह, आयुक्त विनय कुमार पोयाम को ट्रॉफी प्रदान किया गया।

धमतरी नगर निगम क्षेत्र में 2 एमएमयू वाहन चार्ट रूट के तहत अलग अलग वार्डो में कैंप लगाया जाता है, जिसमें अब तक 1 लाख 15 हजार से अधिक लोगों ने मुफ्त में अपना इलाज करवाते हुए इस योजना का लाभ उठाया है। साथ ही 99 हजार से अधिक लोगों ने मुफ्त दवाई एवं 26 हजार से अधिक लोगों ने लैब टेस्ट कराया है। इस दौरान ईई विजय खलखो, पार्षद संजय डागौर उपस्थित थे।

इसलिए निगम धमतरी को मिला सम्मान
नगर निगम धमतरी को 2 एमएमयू वाहन (मोबाइल मेडिकल यूनिट) मिली है। इसे बेहतर ढंग से चलाने एक स्टीयरिंग कमेटी बनी है, जिसके अध्यक्ष कलेक्टर है। सचिव निगम कमिश्नर व सदस्य में सीएमएचओ, श्रम पदाधिकारी और सूडा के परियोजना अधिकारी शामिल हैं। 40 वार्डों के लिए 22 स्थान चिह्नित है। खास बात यह कि मोबाइल मेडिकल यूनिट से लोगों को सुबह-शाम स्वास्थ्य सुविधा मिल रही।

मोबाइल मेडिकल यूनिट में यह सुविधाएं
इन मोबाइल मेडिकल यूनिटों में एमबीबीएस डॉक्टर, फर्मासिस्ट, लैब टेक्निशियन, एएनएम उपलब्ध हैं। इनमें 41 प्रकार के विभिन्न लैब टेस्ट किए जाते हैं। इसमें खून, पेशाब, मल, थूक, टीबी, थायराइड, मलेरिया, टाइफाइड आदि की जांच शामिल है। डॉक्टर की पर्ची के आधार पर फार्मासिस्ट यहां से 200 तरह की दवाइयां देते हैं। इन मेडिकल यूनिट के साथ ब्लड प्रेशर मापने की मशीन, शुगर टेस्ट की मशीन, ईसीजी मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर आदि भी उपलब्ध हैं। इलाज की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है।
 


अन्य पोस्ट