धमतरी

अदानी मामले में हुए मोदी और भाजपा बेनकाब-आप
15-Feb-2023 3:12 PM
अदानी मामले में हुए मोदी और भाजपा बेनकाब-आप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 15 फरवरी।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने प्रेस से रुबरू होकर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए बताया कि भोलेभाले लोगों के इस राज्य में पिछले बाइस सालों से भाजपा कांग्रेस की जुगलबंदी चल रही है, पहले पंद्रह साल भाजपा ने लूटा, पिछले चार साल में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है, ऐसे में हम यहां दिल्ली मॉडल के साथ एक बेहतर विकल्प पेश कर रहे हैं।

 मंगलवार को कुरुद रेस्टहाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रभारी और बुराड़ी के विधायक संजीव झा ने छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा में सभी नब्बे सीटों पर चुनाव लडऩे की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा के 15 सालों का कुशासन से तंग आकर लोगों ने 4 पहले कांग्रेस को मौका दिया था लेकिन इन्होंने कम समय में ही भाजपा का लूट खसोट वाला रिकॉर्ड तोड दिया है। 

इन दोनों पार्टियों से मुक्ति दिलाने हम यहां दिल्ली माडल लेकर आए हैं, जिसमें अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, रोजगार, भत्ता, आदिवासियों के हितों का समाधान है।

 फ्रीबिज को लेकर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए श्री झा ने कहा कि कई कारपोरेट घराने कर्ज लेकर देश छोड़ भाग गए कईयों का टेक्स माफ़ कर दिया गया, विधायक सांसद फ्री की सुविधा ले रहे हैं तो क्या यह मुफ्त की रेवड़ी नहीं है ?
 वेलफेयर स्टेट होने के नाते हमारा फर्ज है कि हम समाज के वंचित तबके तक उनका संविधानिक हक़ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायें। 

इकोनॉमी से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि अक्साई चीन में बढ़ते ख़तरे को अनदेखा कर प्रधानमंत्री अदानी को बचाने में लगे हैं।

 एक उद्योगपति को बचाने संसद में जिस तरह लोकतांत्रिक मूल्यों की बलि चढ़ाई गई उससे भाजपा और मोदी पुरी तरह बेनकाब हो गए हैं। आप को भाजपा की बी टीम होने संबंधी कांग्रेस के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह सब मिडिया की बनाई हुई बायनरी है, हम पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस पहले खुद को देखें, राहुल गांधी देश जोडऩे की बात कर रहे हैं लेकिन उनके बड़े नेता पार्टी छोडऩे एवं मोदी कांग्रेस तोडऩ में लगे हैं, यह सब देख जनता अब कांग्रेस को सीरियसली नहीं ले रही हैं। 

प्रदेश मे आरटीआई की स्थिति पर बोलते हुए आप नेता ने कहा कि लम्बी जनतांत्रिक लड़ाई के बाद देश को यह कानून मिला है, लेकिन सरकारें अपनी करतूत छिपाने इस ठीक से लागू नहीं कर रही हैं, इसपर हमारी नजर है। ईडी को लेकर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए प्रदेश प्रभारी ने बताया कि मोदी सरकार अपने विरोधियों को ठिकाने लगाने में जांच एजेंसियों एवं संविधानिक संस्थाओ का बेशर्मी से इस्तेमाल कर रही है। 

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कोमल उपेंडी, जिलाध्यक्ष तेजेन्द्र तोड़ेकर, जिला सचिव पुरषोत्तम चन्द्राकर, संजय यादव, संतोष चन्द्राकर, राजा, सियाराम ठाकुर, संतोष सोनवानी आदि मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट