धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 फरवरी। बैंक अधिकारी बनकर पिता एवं पुत्र से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने कोलकाता से पकड़ कर लाया है। उसने एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर 1.19 लाख रुपए बैंक खाते से निकाला था।
पुलिस ने बताया कि 2 साल पहले 23 मई को श्यामतराई निवासी इन्द्र कुमार साहू ने इस ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया है कि इन्द्र कुमार साहू एवं उसके पुत्र से अज्ञात मोबाइल धारक ने अलग-अलग नंबर से कॉल कर बैंक का साहब बोल रहा हूँ कहकर उसे तथा पुत्र तरुण साहू के नंबर में कॉल किया। इसके बाद उसने अपने एटीएम कार्ड का आगे-पीछे का नंबर बताने के लिए कहा। इस पर उसने नंबर बता दिया, जिसके बाद इन्द्र कुमार के सेंट्रल बैंक खाता से अलग-अलग समय में कई बार तथा उसके पुत्र तरुण साहू के खाता से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 1 लाख 19 हजार 829 रुपए निकाल लिया गया। दोनों के मोबाइल में जब राशि आहरण का मैसेज आया, तब उसके होश उड़ गए। पश्चात अर्जुनी थाना पहुंचकर अपराध दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा धारा 420 भादवि 66-डी आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अमितेश मैती (35) पिता राजेन्द्र नाथ मैती निवासी जुमई नासकर बलीखली धारा श्रीकृष्णा नगर थाना डोलाहाट जिला दक्षिण 24 परगना पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।


