धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 फरवरी। बाइक चोर एक बाहरी गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं। उनके पास से 3 एक्टिवा और एक मोटर साइकिल बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ जारी है। इसमें कुछ और मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार शहर में लगातार बाइक चोरी हो रही थी। सदर बाजार और विंध्यावसिनी वार्ड में हुई बाइक चोरी के मामले में आरोपी सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया। इसके बाद सदर बाजार के व्यापारियों ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के साथ कोतवाली थाने में शिकायत की। एसपी प्रशांत ठाकुर ने मामले को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया। इसकी जांच के लिए कोतवाली पुलिस के साथ साइबर टीम को भी लगाया।
डीएसपी मुख्यालय मोहसीन खान ने बताया कि बाइक चोरी मामले में मुखबिर की सूचना पर कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। धमतरी में बाहरी बाइक चोर गिरोह सक्रिय है।
पुलिस ने बताया कि कांकेर जिले के चारामा से बस में बैठकर बाइक चोर धमतरी आते थे। रात में सूनसान जगहों की रेकी कर बाहर खड़े दोपहिया वाहन जिनका लॉक नहीं लगा होता है, उन्हें आसानी से चोरी कर ले जाते थे। इसके बाद उनका नंबर प्लेट इत्यादि बदल कर बेच देते थे। पकड़े गए चार आरोपियों में से 3 चारामा तथा एक धमतरी का रहने वाला है। आरोपियों का नाम यशवंत लहरे (20) जालमपुर, राहुल तारम (22) शीतला पारा चारामा, देवा निषाद (20) शीतला पारा चारामा तथा एक नाबालिग है।
4 बाइक बरामद
आरोपियों से पुलिस ने होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 05 एक्स-3453, होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 05 व्ही-3336, होंडा एक्टिवा बिना नंबर, हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक सीजी 05 एएच-1953 को बरामद किया गया। इन बाइकों की कीमत करीब एक लाख रुपए है। बाहर से आकर धमतरी बाइक चुराने वाले इन आरोपियों से पुलिस और पूछताछ कर रही है। जांच में कुछ और मामले का खुलासा हो सकता है।


