धमतरी

मशरूम स्पॉन, फिश फीड व पेवर ब्लॉक का निर्माण करेंगे समूह
01-Feb-2023 2:33 PM
मशरूम स्पॉन, फिश फीड व पेवर  ब्लॉक का निर्माण करेंगे समूह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 फरवरी।
कुरूद के गौठानों, तहसील कार्यालय कुरूद व भखारा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुजरा का कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) के लिए चिन्हित हंचलपुर गौठान और गातापार को. गौठान का निरीक्षण कर वहां के महिला स्व सहायता समूहों को पर नए आजीविका मूलक कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश जनपद पंचायत कुरूद के मुख्य कार्यपालन अभियंता को दिए। उन्होंने गौठानों की प्रत्येक युनिट का सूक्ष्मता से जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

हंचलपुर के रीपा गौठान में पहुंचे, जहां पर मुर्गी शेड, बकरी शेड, वर्मी निर्माण टांका, गोबर कम्पोस्ट पिट तथा रीपा के तहत स्थापित किए गए गोबर से पेंट बनाने की युनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने मुर्गी शेड को बड़ा करने तथा मशरूम उत्पादन युनिट में उसे सही ढंग से विकसित करने के निर्देश दिए। टांके के बजाय ढेर में अव्यवस्थित ढंग से पड़े गोबर को देखकर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने इसे समुचित ढंग से रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने रीपा के अंतर्गत स्थापित की गई गोबर से पेंट तैयार करने की युनिट का निरीक्षण करने के उपरांत महिला समूहों से संक्षिप्त चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रीपा गौठान में मशरूम स्पॉन, फिश फीड, लेयर बर्ड युनिट की क्षमता बढ़ाने, पेवर ब्लॉक और चेनलिंक फेंसिंग निर्माण का कार्य यहां के समूहों के माध्यम से कराए जाने और जल्द ही इन कार्यों का प्रारम्भ करने के लिए निर्देशित किया। 

बाड़ी विकास के लिए गौठान से लगी जमीन का समतलीकरण कराने के लिए भी जनपद पंचायत के सी.ई.ओ. को निर्देश दिए। स्थानीय समूह की महिलाओं की मांग पर कलेक्टर ने लेयर बर्ड (अंडे देने वाली मुर्गी) के उत्पादन के साथ-साथ बॉयलर प्रजाति की मुर्गियां पालने का काम शुरू करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही गौठान में पानी की समस्या दूर करने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से समन्वय स्थापित कर इसका निराकरण करने के निर्देश दिए।  
 

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुजरा का लिया जायजा
भखारा के नवीन तहसील कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। वे विभिन्न कक्षों में जाकर कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुजरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल के औषधि कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशु देखभाल इकाई, ड्रेसिंग कक्ष, लैब तथा बाह्य रोगी एवं अंत: रोगी विभाग आदि का मुआयना किया। उन्होंने कक्ष की दीवारों पर सीपेज को देखकर आवश्यक सुधार करने के निर्देश अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक को दिए। परिसर में गार्डन विकसित करने के लिए जनपद पंचायत के माध्यम से सौंदर्यीकरण का कार्य कराने के लिए निर्देशित किया। अस्पताल की बीएमओ के द्वारा एक्सरे यूनिट की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने की बात कही।  

 


अन्य पोस्ट