धमतरी

एकलव्य खेल मैदान में होगा गणतंत्र दिवस समारोह, अफसरों ने तैयारी का किया निरीक्षण
20-Jan-2023 3:37 PM
एकलव्य खेल मैदान में होगा गणतंत्र दिवस समारोह, अफसरों ने तैयारी का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 जनवरी।
जिला मुख्यालय में 74वां गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह 26 जनवरी को एकलव्य खेल मैदान में आयोजित होगा। 

गुरुवार को जिपं सीईओ प्रियंका महोबिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी देकर प्राथमिकता के साथ करने निर्देश दिए।
कोरोना काल को ध्यान में रखकर मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। 17 विभागों के द्वारा सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित करते झांकी निकाली जाएगी। इनमें वन विभाग, कृषि विभाग, पीएचई, पीएमजीएसवाय, नगर निगम धमतरी, उद्यानिकी, आदिवासी विकास विभाग सहित अन्य प्रमुख विभागों की झांकियां शामिल होगी। नगर सेना व पुलिस द्वारा परेड की सलामी ली जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान होगा। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, डिप्टी कलेक्टर दिव्या पोटाई, एसडीएम डॉ. विभोर अग्रवाल, आयुक्त विनय कुमार पोयाम, सीएमएचओ डॉ. एसके मंडल, एएसपी मेघा टेंभुरकर, ट्रैफिक प्रभारी केदेव राजू सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस व नगर सैनिकों की तैयारी शुरू

समारोह की संपूर्ण व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम धमतरी आयुक्त की होगी। वे सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। ध्वजारोहण के बाद पुलिस और नगर सैनिकों की टुकडिय़ां सलामी के लिए तैयारी कर रहे है। समारोह स्थल पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जिला कमांडेट नगर सेना धमतरी द्वारा किया जाएगा।
 

समारोह का अंतिम रिहर्सल 24 को
सभी विभाग में 26 जनवरी को सुबह 7.30 बजे तक ध्वजारोहण होगा। 8 बजे कलेक्टोरेट में ध्वजारोहण के लिए उपस्थित होंगे। समारोह के लिए अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को सुबह 8.30 बजे डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उमावि के एकलव्य खेल मैदान में होगा। कलेक्टर ने जिन अधिकारियों को दायित्व सौंपा है, वे अपनी तैयारी की जानकारी लेकर समय सीमा की बैठक में उपस्थित रहेंगे।

 


अन्य पोस्ट