धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 जनवरी। आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों से अवगत कराने तथा बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने 33वां सडक़ सुरक्षा सप्ताह मनाया। समापन गुरूवार को हुआ।
राष्ट्रीय यातायात जन जागरूकता सडक़ सुरक्षा माह का शुभारंभ 13 जनवरी को एसपी प्रशांत ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर हेलमेट जागरूकता रैली को रवाना किया था। इस बीच धमतरी शहर ही नहीं अपितु जिले के ग्रामीण अंचलों में प्रत्येक दिवस विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें आम नागरिकों, वाहन
चालकों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं साप्ताहिक हाट बाजार में यातायात नियमों की जानकारी देकर उसका पालन करने समझाइश देते हुए जन जागरूकता पाम्पलेट वितरण किया गया।
वाहन चालकों व परिचालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने वाले आम नागरिकों को गुलाब फूल देकर प्रोत्साहित भी किया गया। इसी क्रम में यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए निबंध, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र छात्राओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी भावेश साव ने किया। जानकी गुप्ता, मोनिका सिंह, संतोष पिंजानी, विकास मोटवानी, राजेन्द्र रामरख्यानी, अमित वाधवानी, सेवक राम साहू,गुरुशरण साहू,हेमंत नेताम, आकाश गिरी गोस्वामी, लोकेश साहू, संदीप सोनकर, शिवा प्रधान, रवि यादव, दिनेश कुमार आदि का सम्मान किया गया।
ट्रैफिक सुरक्षा पर जोर
एसपी प्रशांत ठाकुर ने कहा कि जीवन की रक्षा, सुरक्षा स्वयं के हाथों में होती है। सडक़ सुरक्षा माह के दौरान धमतरी पुलिस ने आम जनता तक पहुंचने का प्रयास किया है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता की सहभागिता आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन करके अपने साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा में भी योगदान दे सकते हैं।
साथ ही आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई।


