धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 9 जनवरी। बरारी के जंगल से भटक कर बस्ती में पहुंचे 2 हिरणों की आपसी द्वंद में मौत हो गई। इनमें से एक हिरण ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।
शनिवार की शाम धमतरी रेंज के बरारी में 2 हिरण दौड़ते हुए आए। इनमें से एक नर हिरण और एक मादा थी। गांव की बस्ती में आते ही दोनों में आपसी द्वंद हो गया। इस बीच दोनों आपस में सिर टकरा-टकरा कर घायल हो गए। हिरण कभी आपस में टकराते थे, तो कहीं पेड़ और पत्थरों पर सिर पटकते थे। इससे नर हिरण की मौत हो गई, जबकि 2 वर्षीय मादा हिरण गंभीर रूप से घायल हो गई।
वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल हिरण को इलाज के लिए लेकर गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पश्चात वन विभाग ने श्यामतराई डिपो में रेंजर महादेव कन्नौजे की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया।
घायल अवस्था में मिले थे दोनों हिरण
धमतरी रेंजर महादेव कन्नौजे ने बताया कि बरारी में 2 हिरण घायल हालत में 7 जनवरी को देर-शाम मिले। वन विभाग ने अपने सुपुर्द में लेकर इलाज करा रहे है। प्रारंभिक जांच में दोनों हिरण अधिक समय तक भाग-दौड़ करने की वजह से घायल होने की संभावना है। खरोंच के कुछ निशान शरीर में मिले है। शिकार की आशंका नहीं है।


