धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 3 जनवरी। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई कुरुद प्रतिनिधि मंडल ने विकासखंड शिक्षाधिकारी से मुलाकात कर पदोन्नत प्रधान पाठक को नए वेतनमान, एवं व्यवस्थापन आदि समस्या का मुद्दा उठाया। जिस पर बीईओ एफएम कोया ने जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया।
फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष लुकेश साहू ने बताया कि 2 माह बीत जाने पर भी पदोन्नत प्रधान पाठकों को व्यवस्थापन के नाम पर उनकी मूल शालाओं में नहीं भेजा गया है। कई शालाओं को पदोन्नति के बाद भी प्रधान पाठक नहीं मिल पाया है, क्योंकि अधिकांश प्रधान पाठकों को शैक्षणिक व्यवस्थापन के नाम पर बीईओ द्वारा उसी संस्था में रोक कर रख दिया गया है। जबकि विभिन्न शालाओं में अतिशेष शिक्षकों की योजनाबद्ध व्यवस्थापन से पदोन्नत प्रधान पाठकों को उनकी नई शालाओं के लिए कार्यमुक्त किया जा सकता है। इस पर बीईओ का कहना था कि जहां जहां से शिक्षकों की मांग आ रही है उन जगहों पर शिक्षकों की व्यवस्था किया जा रहा है। लेकिन अधिकांश प्रधान पाठक अपनी नई शालाओं में जाने के इच्छुक नहीं हैं उनके द्वारा व्यवस्थापन पर किसी प्रकार की कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। यदि वे अपनी नई शालाओं में जाना चाहते हैं तो कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं ।
ऐसे तमाम शिक्षक जिनकी किसी भी प्रकार की एरियर्स राशि लंबित है वह कार्यालय में तत्काल आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं, जिसके आधार पर जनपद पंचायत को प्रस्ताव भेजा जाएगा। सेवा पुस्तिका संधारण, वेतन वृद्धि अद्यतन के मामले निपटाने शिविर लगाकर सेवा पुस्तिका संधारण कराने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर फालेश्वर कुर्रे, मदन चंद्राकर, गिरीश बंशकार आदि उपस्थित थे।


