धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 जनवरी। नए साल 2023 के पहले दिन गंगरेल बांध सैलानियों से गुलजार रहा। जिले समेत प्रदेश के कोने-कोने से सैलानी यहां की खूबसूरत वादियों को निहारने के लिए पहुंचेे। सैलानियों ने यहां के वाटर स्पोर्ट्स का भी खूब आनंद लिया। इको एडवेंचर घूम-घूमकर आज के दिन को यादगार बनाया।
पर्यटन की दृष्टि से देश के नक्शे में गंगरेल बांध क्षेत्र अब तेजी से उभरने लगा है। यहां वाटर स्पोटर्स के अलावा एडवेंचर कैंप भी है, जो लोगों को लुभा रहा है। चारों तरफ फैली हरियाली सैलानियों को काफी रोमांचित कर रही है। वर्ष-2022 के दो दिन पहले यहां सैलानियों की भारी भीड़ रही। छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य प्रदेशों से भी बड़ी तादाद में सैलानी यहां के नजारों का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचे थे।

सैलानियों ने कहा कि ठंड के मौसम में वे पहली बार गंगरेल बांध घूमने आए है। साल की विदाई की बेला में जिस तरह से यहां सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा है, उसे देखते हुए मन बहुत प्रसन्न हुआ। बांध और उसके चारों तरफ फैली खूबसूरती ने मन को मोह लिया।
गौरतलब है कि यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वाटर स्पोर्ट्स भी शुरू किया गया है। बाहर से आए सैलानियों ने पैरासिलिंग, प्लायबोर्ड, ऑक्टेन, जार्बिन बॉल, पीडब्ल्यूसी बाइक, बनाना राईड, सौ सीटर शिप, वॉटर सायकल, कयाक, पायडल बोट्स आदि का लुत्फ उठाया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग हर कोई वाटर स्पोर्ट्स का मजा लेने के लिए बोटिंग पाइंट में कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पर्यटन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार नए साल को सेलिब्रेट करने के लिए बड़ी तादाद में सैलानी यहां आ रहे हैं। सभी मोटल और वुडन हर्ट बुक हो गए हैं। सैलानियों के लिए अन्य सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है।
दिन बन गया यादगार पल
जर्मन लकड़ी से बना वुडन हर्ट यहां सैलानियों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वुडन हर्ट को देखना, उनके लिए काफी रोमांचक रहा। प्रकृति ने गंगरेल बांध क्षेत्र में अपने खजाने से भरपूर लुटाया है। यहां आकर जो अनुभूति हुई है, उसे वे जीवन पर्यंत याद रखेंगे।
सुरक्षा की चाक- चौबंद व्यवस्था
पिछले कुछ दिनों से गंगरेल बांध में जिस तरह से सैलानी उमड़ रहे हैं, उसे देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया है। सैलानियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस के जवान बांध क्षेत्र के करीब एक किमी पहले ही वाहनों को रोककर पार्किंग करा रहे हैं।


