धमतरी
शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बने 211 गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 जनवरी। जिले में बढ़ते अपराध तथा न्यू ईयर सेलिब्रेशन को देखते हुए धमतरी पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। पहले दिन ही जिलेभर में 211 अराजक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। ट्रैफिक नियमों को तोडक़र सडक़ों में तीन सवारी चलने पर वालों को भी सबक सिखाया जा रहा हैं।
जिले में बढ़ते अपराधों को देखते हुए आईजी शेख आरिफ हुसैन के सख्त निर्देश के बाद धमतरी पुलिस अब एक्शन मोड़ में है। धमतरी समेत पूरे रायपुर रेंज के जिलों में बदमाशों के खिलाफ ऑपरेशन गरुड़ छेड़ दिया गया है। इसके पहले दिन ही शुक्रवार की रात पुलिस ने जिलेभर में स्थायी गिरफ्तारी, वारंट तामिली, फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस बीच धमतरी शहर के साथ ही जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों में 211 लोगों को गिरफ्तार किया है। नववर्ष के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए आईजी ने अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ/सट्टा एवं अपराधिक तत्वों के विरूद्ध कार्रवाई के लिए एसपी को सख्त ताकीद किया है।
इस अभियान के तहत जिला धमतरी में कुल 211 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 11 स्थायी वारंट, गिरफ्तारी वारंट 40 तामिल किया गया तथा सट्टा-जुआ एक्ट के तहत कुल 9 प्रकरणों में 14 व्यक्तियों से 6,700 रुपए जप्त किया गया। आबकारी एक्ट में 6 प्रकरणों में कुल 20 लीटर अवैध शराब कीमती 12 हजार जब्त कर 6 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया आर्म्स में 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। जिले में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 107,116 जा.फौ. में 130 व्यक्ति, 151 जा.फौ. में 101 व्यक्ति,110 जा.फौ. में 05 व्यक्ति कुल 135 कार्रवाई कर 135 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
चलता रहा अभियान
आईजी के निर्देश के बाद जिलेभर में जुआ,शराब, सट्टा, गांजा की अवैध बिक्री में लिप्त तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई का फरमान है। इसके बाद ऐसे तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ऑपरेशन गरूड़ के तहत कार्रवाई करेगी।


