धमतरी

2 पार्षद और 11 पंचों के लिए 9 को उप-चुनाव, आमदी में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी आमने-सामने
01-Jan-2023 3:40 PM
2 पार्षद और 11 पंचों के लिए 9 को उप-चुनाव, आमदी में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी आमने-सामने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 जनवरी।
जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए 9 जनवरी को मतदान होगा। नाम वापसी के बाद अब 2 सरपंच और 18 पंच निर्विरोध चुने जा रहे हैं, वहीं 1 पंच प्रत्याशी का नामांकन निरस्त हो गया। कुरूद के सिलघट में सरपंच का चुनाव नहीं होगा। यहां जिस वर्ग के लिए यह पद आरक्षित हुआ है, उस वर्ग का एक भी मतदाता नहीं है, इसलिए यथावत रहेगा। जिले में अब 11 पंचों सहित आमदी में 2 पार्षदों के लिए मतदान होगा। आमदी में भाजपा-कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी आमने-सामने है। दोनों पार्टी से 2 वार्ड से 4 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

निर्वाचन शाखा के मुताबिक जिले में 3 सरपंच, 30 पंच व 2 पार्षदों का पद खाली था, जिनके लिए 9 जनवरी को चुनाव होना था। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अब सिर्फ गांवों में 11 पंचों तथा नगर पंचायत आमदी में 2 पार्षदों के लिए ही मतदान होना है। बाकी पदों पर निर्विरोध निर्वाचित हो रहे हैं। हालांकि इसके निर्वाचन की घोषणा 9 जनवरी को मतदान के बाद विधिवत होगी।

इन जगहों पर
नगरी ब्लाक में एक भी जगह पर चुनाव नहीं होगा। यहां के ग्रामीणों ने सरपंच और पंच सर्वसम्मति से चुन लिया गया। इनमें भोथापारा में सरपंच में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से शांति कुंजाम को चुना है। पांवद्वार में वार्ड क्रमांक 12 में रमली बाई, बिरनासिल्ली 5 में राजेश्वरी नेताम, मोदे 4 में नारायण कश्यप, सरईटोला 5 में सोपसिंह मरकाम, सेमरा 20 में जैलसिंग मरकाम, बनबगौद 9 में जानकी पहरिया निर्विरोध निर्वाचित हो रही है। कुरूद ब्लाक में कुम्हारी में सरपंच पद गैंदलाल बघेल निर्विरोध होंगे।

आमदी में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी आमने-सामने
शहर से 12 किमी दूर आमदी में पार्षद पद के लिए कांग्रेस-भाजपा के बीच टक्कर है। वार्ड क्रमांक 2 में कांग्रेस से अनीता ध्रुव, भाजपा से जगेश्वर नेताम आमने-सामने है। वार्ड 9 में कांग्रेस की सतिया कुंभकार ओर भाजपा की सुनीता साहू के बीच मुकाबला हैं। दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ता अपने पक्ष में माहौल बनाने कोई कसर नहीं छोड़ रहे।


अन्य पोस्ट