धमतरी
नगरी, 31 दिसंबर। आदिवासी विकासखंड नगरी अंतर्गत समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा हेतु परीक्षा कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार सतत समग्र मूल्यांकन अन्तर्गत शिक्षा गुणवत्ता हेतु समस्त प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं में कक्षा 1 से 5वीं एवं कक्षा 6वीं से 8वीं तक दिनांक 30 दिसंबर से 5 जनवरी के मध्य अर्द्ध वार्षिक परीक्षा आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा आयोजन के संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी नगरी सतीश प्रकाश सिंह ने समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का गोपनीय सामग्री (प्रश्न पत्र पैकेट) कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी नगरी से प्राप्त कर समस्त प्रधानपाठकों को तत्काल प्रदाय करें। समस्त संकुल समन्वयक एवं प्रधानपाठक प्राप्त गोपनीय सामग्री को कक्षावार-विषयवार विकासखंड के बीजक अनुसार मिलान करेगें। प्रश्न पत्र पैकेट में विषय परीक्षा तिथि परीक्षा समय एवं प्रश्न पत्र संख्या समय-सारिणी के अनुसार अनिवार्य रूप से अंकित हो।
अंकित नहीं होने की स्थिति में स्वयं अंकित कर वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेगें। बीईओ सतीश प्रकाश सिंह के निर्देश पर समस्त प्राथमिक/माध्यमिक शालाओं को प्रश्न पत्र/उत्तरपुस्तिका का वितरण संकुल समन्वयकों द्वारा किया गया।


