धमतरी

एग्रीमेंट के मामले में व्यापारी और निगम प्रशासन आमने-सामने, फिर पेंच
25-Dec-2022 6:24 PM
एग्रीमेंट के मामले में व्यापारी और निगम प्रशासन आमने-सामने, फिर पेंच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 25 दिसंबर। काम्पलेक्स के भूतल और प्रथम, द्वितीय तल का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। भूतल और प्रथम तल में फिनिशिंग का काम भी लगभग पूरा हो गया। इसके बावजूद व्यवस्थापन नीति के तहत एग्रीमेंट का काम अब तक पूरा नहीं हो सका। निगम प्रशासन की ओर से जिन 31 दुकानदारों का व्यवस्थापन किया जाना हैं, उनसे जल्द एग्रीमेंट कराकर शेष बचत राशि को जमा कराने के लिए कहा जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि व्यापारी निगम प्रशासन को जितना जल्द सहयोग करेंगे, उन्हें दुकान सौंप दिया जाएगा। बार-बार संदेश भेजने के बाद भी एग्रीमेंट का काम अब तक पूरा नहीं हो सका। ऐसे में निगम चाहकर भी व्यापारियों को दुकान सौंप नहीं पा रहे हैं।

उधर, व्यापारियों ने बताया कि बालक चौक शॉपिंग काम्प्लेस का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। जबकि व्यापारियों पर महज शेष बची 20 फीसदी राशि जमा कराने के लिए दबाव डाला जा रहा है। व्यवसायी अशोक नोतवानी, राजेश कुमार, अनिल मोटवानी का कहना है कि हम सब पुराने दुकानदार हैं। पहले उनका एग्रीमेंट हो चुका है।

बार-बार बदल रहे समय

व्यापारियों का कहना है कि 27 मई 2021 को जब निगम प्रशासन को आवेदन किया गया था, तब उस समय 9 माह के भीतर निर्माण कार्य को पूरा कराकर दुकान को व्यापारियों को आबंटित करने का आश्वासन दिया गया था। 28 मार्च 2022 को तय समय-सीमा भी समाप्त हो चुकी है। इसके बाद भी अब तक निर्माण कार्य को पूरा नहीं कराया जा सका है। ऐसे में व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

31 दुकानदारों का करना है व्यवस्थापन

कॉम्प्लेक्स के भूतल के साथ 3 मंजिल का निर्माण किया जा रहा है। इसमें करीब 72 दुकानें हैं। इसमें से पुराने 31 दुकानदारों का व्यवस्थापन करना है। इसके बाद बची दुकानों का ओपन ऑक्शन किया जाएगा। व्यापारियों ने पुन: निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द दुकानों का काम पूरा कर चॉबी सौंपने की मांग की गई है।

6 साल से बन रहा काम्प्लेक्स

बालक चौक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का मामला सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। भू-तल, प्रथम और द्वितीय तल निर्माण के बाद निगम प्रशासन दुकानदारों से अनुबंध करा लेने के लिए कह रहे हैं। दूसरी ओर व्यापारी एग्रीमेंट से पहले दुकानों की चाबी मांग रहे हैं।

 इससे गतिरोध बना हुआ हैं। उल्लेखनीय है कि बीते 6 साल के बाद अब जाकर बालक चौक काम्पलेक्स का काम पूरा होने जा रहा है।


अन्य पोस्ट