धमतरी
जिले के बोराई, ओडिशा बार्डर से आ रही संदिग्ध वाहनों पर सतत् निगाह रख, सघन चेकिंग करने निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 दिसंबर। एसपी प्रशांत ठाकुर द्वारा बोराई थाना एवं चैक पोस्ट का निरीक्षण किया गया। लगातार नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने एवं सूचना तंत्र को मजबूत कर गश्त सर्चिंग किए जाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिया गया।
सीमावर्ती थाना बोराई में चेक पोस्ट का निरीक्षण कर बाहर से आने वाले अवैध धान एवं गांजे, अवैध शराब के तस्करी को रोकने एवं सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। जिले के आखिरी छोर में स्थित थाना बोराई जो उड़ीसा बार्डर से लगा हुआ है, जिस पर बाहर से आने वाले संदिग्ध वाहनों पर सतत् निगाह रखकर सघन चेकिंग किये जाने का निर्देश दिया गया एवं नक्सली गतिविधियों पर सतत निगाह रखने एवं थानों कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने सख्त निर्देश दिया गया।
इस दौरान थाना नगरी एवं थाना सिहावा का भी भ्रमण कर थाने में लंबित अपराध, शिकायत मर्ग एवं अन्य मामलों के निराकरण के निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर द्वारा धमतरी पदस्थापना के बाद से लगातार बोराई थाना एवं बोराई चेक पोस्ट का निरीक्षण कर सूचना तंत्र को मजबूत बनाने एवं सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं, जिसके परिणाम स्वरूप लगातार बोराई चेक पोस्ट में गांजा जब्त करने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान एसडीओपी नगरी मयंक रणसिंह, थाना प्रभारी बोराई निरीक्षक युगल किशोर नाग उपस्थित थे।


