धमतरी

थाना घेरा, क्रांति हत्या की सूक्ष्म जांच की मांग
17-Dec-2022 3:13 PM
थाना घेरा, क्रांति हत्या की सूक्ष्म जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,17 दिसंबर।
हत्या कर मकई तालाब में लाश फेंकने के मामले की सूक्ष्म जांच करने की मांग को लेकर साल्हेवार पारा के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। उनका कहना है कि एक व्यक्ति हत्या कर लाश नहीं फेंक सकता। इसमें और भी लोग शामिल होंगे। 

शुक्रवार देर-शाम कोतवाली थाना पहुंचे वार्डवासियों ने डीएसपी शेर सिंग बंधे से शिकायत कर मामले की सूक्ष्म जांच करने की गुहार लगाई। समाजसेविका शास्त्री सोनवानी ने कहा कि पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को जेल भेज दिया हैं, यह अच्छी बात हैं। लेकिन इस हत्याकांड की जिस तरह से पृष्ठभूमि बताई जा रही है, उससे इसमें एक ही आरोपी नहीं हो सकता। आरोपी के साथ और भी लोग रहे होंगे। इसलिए पुलिस से इसकी सूक्ष्मता से जांच करने की मांग की। 

वार्डवासियों का कहना है कि युवक क्रांति चतुर्वेदी को किसी जगह पर मारना तथा वहां से लाश को लाकर एक निश्चित दूरी में तालाब के नीचे उतारने और पानी में ठिकाना लगाना एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। आरोपी से कड़ी पूछताछ कर मामले की सच्चाई तक पहुंचने की मांग की। 

वार्डवासियों की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद डीएसपी शेर सिंग उचित जांच-पड़ताल का आश्वासन दिया। 

 


अन्य पोस्ट