धमतरी

घर बैठे बन रहा 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड
13-Dec-2022 3:59 PM
घर बैठे बन रहा 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड

धमतरी, 13 दिसंबर। जिले में 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड बनवाना आसान हो गया है। हितग्राहियों का घर बैठे ही मितान द्वारा जरूरी दस्तावेज के जरिए तुरंत आधार कार्ड बना रहे है। मुख्यमंत्री मितान योजना में आधार कार्ड बनाने की योजना शामिल करने के बाद एक महीने में 167 बच्चों को लाभ मिला।

सोमवार को जालमपुर वार्ड निवासी निर्मल बांधे की बेटी निहारिका का आधार घर में ही बना। उन्होंने टोल फ्री नंबर 14545 पर कॉल किया। फिर मितान उनके घर पहुंच गए। उन्होंने बच्ची का जरूरी दस्तावेज मांगा। आधार पंजीकरण किया। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियत समय में बच्ची का आधार दिए गए पते पर आ जाएगा। नगर निगम धमतरी में अब तक 4 मितान के जरिए 1959 लोगों को लाभान्वित किया गया है।

राशन कार्ड, सीजीएचएस, स्टेट गवर्नमेंट, ईसीएचएस, ईएसआईसी, मेडिकल कार्ड, आर्मी कैंटीन कार्ड, पासपोर्ट, बर्थ सर्टिफिकेट, राज्य अथवा केंद्र सरकार द्वारा जारी परिवार से संबंधित दस्तावेज लिए जा रहे हैं। बच्चों के आधार पंजीकरण के समय माता, पिता में से किसी एक का आधार नंबर एवं बायोमेट्रिक जरूरी है। 5 साल तक के बच्चों का आधार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए महत्वपूर्ण है। यह एक डिजिटल फोटो पहचान के रूप में भी काम आता है। इसके अलावा पासपोर्ट, पेन कार्ड, बैंक खाता के लिए भी आधार कार्ड उपयोगी रहेगा।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री मितान योजना के तहत शुरू में 13 नागरिक सेवाएं मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, दस्तावेज के नकल के लिए अनुरोध, भूमि रिकॉर्ड आदि की प्रति, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण और प्रमाण पत्र, दुकान पंजीकरण, भूमि की जानकारी, जन्म प्रमाण पत्र सुधार, मृत्यु प्रमाण पत्र सुधार, विवाह प्रमाण पत्र सुधार जैसे सेवाएं थीं।
1 नवंबर से दो और सेवाएं आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेटेशन और 5 साल तक की उम्र के बच्चों का आधार बनाया जाना शामिल हुआ।


अन्य पोस्ट