धमतरी

धमतरी के किसान 15 से 21 हाट बाजारों में बेच सकेंगे कोदो-कुटकी और रागी
13-Dec-2022 3:58 PM
धमतरी के किसान 15 से 21 हाट बाजारों में बेच सकेंगे कोदो-कुटकी और रागी

कोदो का समर्थन मूल्य 30 रूपए, कुटकी का 31 रूपए व रागी 35.78 रूपए प्रतिकिलो से होगी खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 दिसंबर।
प्रदेश सरकार ने कोदो-कुटकी फसलों को प्रोत्साहित करने मिलेट मिशन लागू किया है, जिसका फायदा जिले के किसानों को मिलेगा। जिले में कोदो-कुटकी और रागी की खेती को लेकर किसानों का रूझान तेजी से बढ़ रहा है। इनका उत्पादन बड़ी मात्रा में करके समर्थन मूल्य में बेच रहे हैं। जिले के किसान 15 से 21 हाट बाजारों में कोदो-कुटकी और रागी बेच सकेंगे।

डीएफओ एवं पदेन प्रबंध संचालक, जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित धमतरी मयंक पांडेय ने बताया कि इस साल जिले में कोदो, कुटकी और रागी फसल की बिक्री 15 दिसंबर से शुरू होगा, जो 15 फरवरी 2023 तक किया जाएगा। मिलेट मिशन के तहत मिलेट्स खरीदने के लिए कोदो का समर्थन मूल्य 30 रूपए प्रति किलो, कुटकी का 31 रुपए प्रति किलो एवं रागी का समर्थन मूल्य 35.78 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है। जिले में प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति के अंतर्गत हाट बाजारों में कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी की जाएगी।

किसान, संग्राहकों को सदस्य होना जरूरी
किसान, संग्राहकों को संबंधित प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति का सदस्य होना जरूरी है। किसान, संग्राहक फसल पंजीयन गिरदावरी बी-1 खसरा पर्ची साथ लाकर कोदो, कुटकी और रागी फसल को बेच सकते है। इसकी खरीदी प्रक्रिया के लिए जिले की 27 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियां को अधिकृत किया गया है, जिसके अंतर्गत 21 हाट-बाजारों के जरिए किसान से कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी होगी।

किसानों के लिए खोला गया समाधान केन्द्र
जिले के किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए समाधान केन्द्र खोले गए हैं।
किसान सीधे धमतरी वन मंडल के मोबाइल नंबर 9424111624 उप प्रबंध संचालक जिला यूनियन धमतरी, 7587011510 उप वनमंडलाधिकारी धमतरी, 7587011520 उप वनमंडलाधिकारी बिरगुड़ी, 7587011530 उप वनमंडलाधिकारी नगरी, 7587011501 परिक्षेत्र अधिकारी केरेगांव, 7587011503 परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर सिंगपुर, 7587011503 परिक्षेत्र अधिकारी दुगली एवं नगरी, 7587011504 परिक्षेत्र अधिकारी सांकरा, 7587011505 परिक्षेत्र अधिकारी बिरगुड़ी, 7587011507 परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण सिंगपुर, 7587011511 परिक्षेत्र अधिकारी धमतरी से मोबाइल नंबर पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
 


अन्य पोस्ट