धमतरी

धमतरी में जब्त 35 लाख का गांजा रायपुर में हुआ नष्ट
12-Dec-2022 4:41 PM
धमतरी में जब्त 35 लाख का गांजा रायपुर में हुआ नष्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 12 दिसंबर।
ओडिशा से धमतरी के रास्ते लंबे समय से गांजे की तस्करी हो रही है। समय-समय पर धमतरी पुलिस घेराबंदी कर गांजा तस्करों को गिरफ्तार भी कर रही है। पिछले 11 महीने में पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर तस्करों को जेल भेजा है। अब पकड़े गए बड़ी मात्रा में गांजा का नष्टीकरण किया है।

दो दिन पहले पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश पर धमतरी एसपी प्रशांत ठाकुर की अगुवाई में एक टीम 504 किलोग्राम गांजा नष्टीकरण के लिए ले गए। गांजा अलग-अलग 26 प्रकरणों में जब्त किया गया था, इसकी कीमत करीब 35 लाख रुपए है। रायपुर के नारकोटिक्स डिस्पोजल केंद्र सिलतरा में नष्ट किया गया।

गांजा तस्करी के लिए लंबे समय से बोराई-नगरी-धमतरी-रायपुर मार्ग का इस्तेमाल हो रहा है। इसके अलावा बस्तर के रास्ते भी धमतरी होकर रायपुर समेत देश के अन्य कोने में गांजा आता है, लेकिन जब से धमतरी पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा हैं तो लगातार गांजा पकड़े जा रहे हैं। बोराई में तो विशेष चेक पोस्ट लगाकर जांच-पड़ताल की जा रही है। यहां सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है, जो अन्य राज्यों की पासिंग वाली वाहनों पर पैनी नजर रखी हुई है।

बिछाया मुखबिरों का जाल
पुलिस ने गांजा तस्करों को पकडऩे के लिए वनांचल में मुखबिरों का जाल बिछाया है। धमतरी शहर के अलावा वनांचल में बोराई से लेकर सांकरा, नगरी-सिहावा में पुलिस मुखबिर के जरिए मादक पदार्थों का परिवहन करने वाले संदिग्ध लोगों पर पैनी रख रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ऐसे लोगों की धरपकड़ भी कर रही है। इससे उनमें हडक़ंप मच गया है।
 


अन्य पोस्ट