धमतरी

धमतरी, 18 दिनों में 1.66 अरब का धान खरीदा गया, उठाव धीमा
20-Nov-2022 3:41 PM
धमतरी, 18 दिनों में 1.66 अरब का  धान खरीदा गया, उठाव धीमा

 केन्द्रों में 5.68 लाख क्विंटल धान जाम 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
 धमतरी,  20 नवंबर।
बीते 18 दिनों में जिले में 1.66 अरब रुपए का धान खरीदा जा चुका हैं, लेकिन उठाव में अब तक गति नहीं आई। मिलरों को डीओ, टीओ जारी होने के बाद भी सोसाइटियों में मेगा जाम लगा हुआ है। महज 2.44 लाख क्विंटल धान का उठाव हो सका, जबकि अभी भी 5.68 लाख क्विंटल धान जाम पड़ा है।

किसानों की सुविधा के लिए भूपेश सरकार ने इस साल एक महीने अतिरिक्त समय देकर किसानों का धान खरीद रही है। दिसंबर के बजाए नवंबर से खरीदी शुरू करने के बावजूद परिवहन को लेकर समस्या बनी हुई हैं। कस्टम मिलिंग के लिए अब तक 2 लाख 44 हजार 747 क्विंटल धान का ही उठाव हो सका है, जबकि अब भी सोसाइटियों में 5 लाख 68 हजार 738 क्विंटल धान जाम पड़ा हुआ हैं। 

खाद्य विभाग के मुताबिक 18 नवंबर की स्थिति में जिले में 27 हजार 924 किसानों ने अपना धान बेच दिया है। कुल 8 लाख 13 हजार 485 क्विंटल धान बेचा गया, जिसकी कीमत करीब 1 अरब 66 करोड़ 84 लाख 34 हजार 648 रुपए हैं। धान बेचकर किसानों ने 49 करोड़ 15 लाख 14 हजार रुपए का कर्ज भी चुका दिया हैं।

उठाव को लेकर गंभीरता नहीं
राज्य सरकार ने धान बिक्री के तत्काल बाद इसका उठाव कराकर कस्टम मिलिंग कराने का निर्देश दिया हैं। इसके बावजूद धमतरी जिले में इस ओर गंभीरता नहीं दिख रही। कुल खरीदे गए धान में से 25 फीसदी धान का ही उठाव हुआ हैं, जबकि उठाव के लिए बड़ी संख्या में राइस मिलरों ने धान का डिमांड आर्डर के साथ ही परिवहन के लिए टीओ भी जारी करा चुके हैं। धमतरी 141738 क्विंटल, नगरी 139589 क्विंटल,  मगरलोड में 111647 क्विंटल, कोर्रा 86927 क्विंटल व कुरूद में 81421 क्विंटल धान जाम है।

इतने किसानों ने बेचा धान
जिले में शुक्रवार की स्थिति में 27 हजार 924 किसानों ने अपना धान बेच दिया है। इसमें धमतरी में 5037, नगरी में 4142, मगरलोड में 3945, कुरूद में 2613, करेली में 1605, कोर्रा में 2901, दरबा में 1090, नारी में 930,भखारा में 1657, मरौद में 1192 तथा संबलपुर समिति में 2812 किसानों ने धान बेचा है।

 


अन्य पोस्ट