धमतरी

सिख समाज ने निकाला नगर कीर्तन, जगह-जगह स्वागत
07-Nov-2022 4:12 PM
सिख समाज ने निकाला नगर कीर्तन, जगह-जगह स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 नवंबर।
आठ नवंबर को सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव को प्रकाश पर्व में मनाया जाएगा। दो दिन पहले रविवार को सिख समाज नेे नगर कीर्तन निकाला। बाजे-गाजे के साथ पंज प्यारे सरदार गुरूप्रीत सिंह, तजिन्दर सिंह, इंदरजीत सिंह, रमित सिंह, कंवलजीत सिंह की अगुवाई में निकली नगर कीर्तन यात्रा में समाज की महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

शोभायात्रा कचहरी चौक, गांधी चौक के रास्ते बनियापारा, रिसाई पारा, निगम स्कूल होकर नेशनल हाइवे के रास्ते वापस गुरूद्वारा पहुंची। महिलाएं झाडू़ से रास्ता साफ करती चल रही थी। श्री गुरूग्रंथ साहिब को एक आकर्षक वाहन पर सजाकर रखा गया था। गुरूद्वारा के ग्रंथी लगातार पाठ कर रहे थे। इनके पीछे महिलाओं का जत्था चल रहा था। नगर कीर्तन में प्रधान जितेन्द्र सिंह खालसा, रविन्द्र बिन्द्रा, सुनील लिखी, गुरूमुख सिंह खनूजा, राजेन्द्र अजमानी, हरजिंदर छाबड़ा, जसविंदर सिंह, मनजीत छाबड़ा, राहुल बख्तानी, वसीम कुरैशी, ममता खालसा आदि मौजूद रहे।

रास्तेभर पंज प्यारे की सेवा
नगर कीर्तन मार्ग में रास्ते भर सिख समाज के अलावा अन्य धर्म के लोगों ने भी पंज प्यारों के चरण धोए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके अलावा नगर कीर्तन के रास्ते में कुछ-कुछ दूरी पर ही कीर्तन में शामिल सभी के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी।

कल मनेगा प्रकाश पर्व
शहर में 8 नवंबर को प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इसके लिए सिख समाज की ओर से जोर शोर से तैयारियां की गई है। सुबह 7 बजे श्री अखंड पाठ साहिब होगा। रात 12बजे दीवान की पूरी समापन होगा। इसके बाद भव्य आतिशबाजी होगी।


अन्य पोस्ट