धमतरी

एकलव्य मैदान में 1 को राज्योत्सव, स्कूली विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
30-Oct-2022 2:30 PM
एकलव्य मैदान में 1 को राज्योत्सव, स्कूली विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

कलेक्टर ने ली अफसरों की बैठक, विभागीय स्टॉल में होगा विकास कार्यों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 30 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस 1 नवंबर को एकलव्य खेल मैदान में मनाया जाएगा। एक दिवसीय कार्यक्रम की तैयारी पर शनिवार को कलेक्टर पीएस एल्मा ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभागीय स्टॉल में शासन की पिछले साढ़े 3 साल की उपलब्धियों, योजनाओं की प्रगति दर्शाती प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैनर, पोस्टर, ब्रोशर, पॉम्प्लेट आदि का वितरण भी विभागीय स्टॉल से होगा। इस बार सभी स्टॉल में एकरूपता लाने के उद्देश्य से सामने की ओर का बैनर सफेद और नीला रंग का बनवा कर फे्रम कराने निर्देश दिया है।

शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक शुरू हुई। एक नवंबर को एकलव्य खेल परिसर में शाम 5 बजे से आयोजित होने वाले एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम में अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व का सही तरीके से पालन करने चेताया। अधिकारियों के बीच राज्योत्सव कार्य विभाजन की एक बार फिर से जानकारी दी गई। स्कूल के छात्र-छात्राओं के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा।  बैठक में जिपं सीईओ प्रियंका महोबिया, एएसपी मेघा टेम्भुरकर, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित जि़ला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
आयोजित राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी समां बंधेगा। छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक संस्था अनुरागधारा, राजनांदगांव की कविता वासनिक की प्रस्तुति शामिल है। शासकीय उमावि बठेना, शासकीय माध्यमिक स्कूल गोकुलपुर द्वारा केसरीलो नृत्य, मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र सार्थक स्कूल धमतरी का राउत नाचा की प्रस्तुति होगा।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को व्यापक स्तर पर तैयारियां करने कहा है, ताकि जिले में उत्सव और उल्लास के माहौल में राज्य स्थापना दिवस मनाया जा सके। समारोह के मुख्य अतिथि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे होंगे। वे सबसे पहले विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करेंगे। दीप प्रज्जवलन, राज्य गीत का गायन होगा।


अन्य पोस्ट