धमतरी

केबल बिछाते पाइप लाइन फूटी, आज शहर वार्डों में नहीं हुआ पानी सप्लाई
17-Oct-2022 2:55 PM
केबल बिछाते पाइप लाइन फूटी, आज शहर वार्डों में नहीं हुआ पानी सप्लाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 अक्टूबर।
शहर के विंध्यवासिनी मंदिर के सामने 16 अक्टूबर को देर-शाम पाइप लाइन फूट गई। आनन-फानन में निगम के अफसरों ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद किया। पानी सप्लाई रोकी। ओवरहेड टंकिया नहीं भरने से आज शहर के किसी भी वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं हुई। लोगों को पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ी। वार्डों में लगे मोटर पंप व टैंकर के भरोसे लोगों को पानी की जरूरत पूरी करनी पड़ी।

नगर निगम के एई विजय मेहरा ने बताया कि नगर निगम को बगैर कोई जानकारी दिए जिओ कंपनी सडक़ पर केबल बिछा रही थी। रविवार को रात करीब 8 बजे विंध्यवासिनी मंदिर के पास सडक़ को मशीन से खोदी जा रही थी। तभी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के मेन सप्लाई पाइप फूट गई। पानी तेजी से बाहर निकलने लगा। पानी के दबाव में सडक़ अंदर से धंसने लगी। आनन-फानन में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद किया।

शहर के किसी भी ओवरहेड टंकी नहीं भरी
शहर में 9 ओवरहेड टंकी है। सभी टंकियों को भरने में करीब 9 से 10 घंटे का समय लगता है। मुख्य पाइप लाइन फूटने से कोई भी ओवरहेड टंकी नहीं भर पाई। शहर के भागीरथी नल कनेक्शन से किसी भी नल में पानी सप्लाई नहीं हुई। आज दिनभर निगम के अफसर, कर्मचारी मरम्मत काम में जुटे रहे।
 


अन्य पोस्ट