धमतरी

देवपुर में धर्मांतरण पर फिर हंगामा, 2 पक्षों में हाथापाई, 23 लोगों पर केस
10-Oct-2022 3:56 PM
देवपुर में धर्मांतरण पर फिर हंगामा, 2 पक्षों में हाथापाई, 23 लोगों पर केस

थाना परिसर घेरा, पुलिस को लाइन से बुलानी पड़ा अतिरिक्त बल

अर्जुनी थाना क्षेत्र का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,  10 अक्टूबर।
देवपुर गांव में धर्मांतरण के मुद्दे पर 2 पक्ष में लंबे समय से विवाद चल रहा है। रविवार को यहां सभा कराई जा रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। विवाद के बाद दोनों पक्ष ने थाने का घेराव कर खूब हंगामा किया। करीब 2 से 3 घंटे के विरोध के बाद पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक रविवार को देवपुर में सभा हुई। इस सभा में धर्मांतरण के मुद्दे पर 2 पक्ष आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ा। बवाल हो गया। आनन-फानन में अर्जुनी पुलिस के अधिकारी, जवान गांव आए। मामले को शांत कराया। कुछ देर बाद एक-एक कर दोनों पक्ष ने र्जुनी थाने का घेराव किया।

पुलिस प्रशासन पर संरक्षण का आरोप लगाकर खूब हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ को देखकर पुलिस को लाइन से अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। फोर्स तैनात की गई। दोनों पक्ष को अफसरों ने खूब समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला नहीं सुलझा। पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया।

दोनों पक्ष के 23 लोगों पर केस
अर्जुनी पुलिस के मुताबिक राजेंद्र निषाद की रिपोर्ट पर 10 लोगों के खिलाफ धारा 341, 323, 147 व 427 के तहत केस दर्ज हुआ। इनमें घनानंद निषाद, पूर्णानंद साहू, दिलीप साहू, हलधर निषाद, बाबूलाल साहू, विमला साहू, हेमा साहू, चमेली बाई, खिलेश्वरी साहू, डामेश्वरी निषाद शामिल हैं। पेखन लाल निषाद की रिपोर्ट पर 13 लोगों पर धारा 294, 323, 147 के तहत केस दर्ज हुआ। इनमें पोकेश कुमार, महेश्वर कुमार, रामकुमार, मुन्ना निषाद, रामेश्वर, मानसकुमार, प्रेमलाल निषाद, राजेंद्र निषाद, जानकी बंजारे, मुस्कान बंजारे, झमन साहू, हरीश देवांगन, मीनाक्षी देवांगन शामिल हैं।

काउंटर केस दर्ज किया
एएसपी मेघा टेंभुरकर ने कहा कि देवपुर मामले में दोनों पक्ष के खिलाफ काउंटर केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले को सुलझाने की हर संभव कोशिश कर रही। विवाद न बढ़े, इसलिए लगातार पेट्रोलिंग हो रही।


अन्य पोस्ट