धमतरी
धमतरी, 13 सितंबर। शराब की अवैध बिक्री, जुआ सट्टा और अवैध रेत खनन के मामले को लेकर मंगलवार को भाजपाइयों ने गांधी मैदान के पास एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भाजपा के पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर सहित पदाधिकारी शामिल हुए। हाथों में पोस्टर पकडक़र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाएं। कहा कि धमतरी के अवैध वसूली के पैसे से कांग्रेस का प्रदेश सरकार चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के राज में पुलिस व प्रशासन मूकदर्शक बन गए हैं। धमतरी के हर गांव गली, मोहल्ले में अवैध कारोबार जारी है। जुआ सट्टा और शराब की अवैध बिक्री नहीं थम रही है। इस वजह से प्रदेश सहित धमतरी में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। अजय चंद्राकर का आरोप है कि कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी व नान अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के इशारे पर धमतरी के कांग्रेसी चल रहे हैं। धमतरी जिले के कांग्रेसी और प्रशासन को रामगोपाल अग्रवाल ही चला रहे हैं। विकास के नाम पर धमतरी में दिखावा हुआ है।
मंगलवार को प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हो गया। अजय चंद्राकर, विधायक रंजना साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष शशि पवार स्थल पर बैठे रहे।
कुछ देर बाद प्रदेश मंत्री बने रामू रोहरा नगर निगम के भाजपा पार्षदों के साथ कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन स्थल पर आए। इस प्रदर्शन में चेतन हिंदूजा, भानू चंद्राकर, बिथिका विश्वास, हेमलता शर्मा, प्रकाश शर्मा, निलेश लुनिया सहित भाजपाई नेता मौजूद थे।


