धमतरी

10 लाख का गांजा सहित यूपी का तस्कर गिरफ्तार
04-Sep-2022 1:40 PM
10 लाख का गांजा सहित यूपी का तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से लेकर उत्तरप्रदेश जा रहा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 4 सितंबर।
नेशनल हाइवे पर नाकेबंदी कर पुलिस ने यूपी के गांजा तस्कर को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसकी कार से 51 किग्रा गांजा बरामद हुआ। इसे वह ओडिशा से लेकर उत्तरप्रदेश जा रहा था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस को कल मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी के रास्ते नेशनल हाईवे से होकर कार में गांजा तस्करी होने वाली है। सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। अर्जुनी पुलिस और साइबर सेल ने नाकाबंदी कर दी। हाईवे से गुजरने वाली प्रत्येक वाहनों को रोककर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

बस्तर रोड से रायपुर की तरफ जा रहे एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार क्रमांक सीजी 04 डीओ-1900 को संदेह के आधार पर नाकेबंदी कर रोका। वाहन में एक व्यक्ति चालक सीट में बैठा था, जिससे नाम पूछने पर अपना नाम शैलेन्द्र प्रताप सिंह (33) निवासी आडिहार थाना सैदपुर जिला गाजीपुर (उत्तरप्रदेश) का रहने वाला बताया। संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिस पर डिक्की में 43 पैकेट में मादक पदार्थ गांजा मिला। सभी पैकेट को अच्छी तरह से टैपिंग कर रखा गया था। साथ ही कार के डैशबोर्ड डिक्की में 2 लाख 39 हजार 820 रुपए मिला। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया।

जब्त 51 किग्रा गांजा की कीमत करीब 10 लाख 20 हजार रुपए, होंडा कार की कीमत 5 लाख, नगदी रकम 2 लाख 39 हजार 820 रुपए कुल जुमला 17 लाख 59 हजार 820 रुपए बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। उसके खिलाफ धारा 20-ख-ग नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।  

8 महीने में 20 क्विंटल गांजा जब्त
जिले मुख्यालय धमतरी से 115 किमी दूरी व नगरी से 40 किमी पर ओडिशा व बस्तर सीमा पर बोराई थाना है। बोराई से करीब 250 किमी दूर मलकानगिरी है। जहां से तस्कर गांजा की तस्करी करते है। जनवरी से अब तक जिले के कोतवाली, अर्जुनी, रुद्री, दुगली व नगरी, सिहावा, बोराई पुलिस ने 20 क्विंटल गांजा जब्त किया है। बोराई थाना परिसर में करीब 20 चारपहिया वाहन खड़े हैं। यह सभी गाड़ी गांजा तस्करों से जब्त हुए हैं।
 


अन्य पोस्ट