धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 जून। नगर निगम धमतरी के नए आयुक्त विनय कुमार पोयम ने 13 जून को देर-शाम आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। निगम में आयुक्त का पद संभालने के पहले कलेक्टर पीएस एल्मा से भेंट की। शाम 4 बजे निगम आकर निगम कार्यालय का भ्रमण कर अधिकारियों की बैठक ली। बारिश के मद्देनजर शहर के नालों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को दुरुस्त करने कहा। अधिकारियों को पारिवारिक माहौल में मिलजुल कर शहर के विकास के लिए काम करने कहा है। निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को संकोच करने की जरूरत नहीं है। किसी को कोई भी समस्या हो, सीधे आकर मिल सकते हैं। इसमें हिचकिचाने की जरूरत नहीं है।
सफाई पर बनाएंगे नई कार्ययोजना
आयुक्त विनय कुमार पोयम साल 2015 के प्रशासनिक अफसर है। वे दुर्ग के संयुक्त कलेक्टर थे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना है। अधिकारियों से पहले उन इलाकों को चिन्हांकित करने के लिए कहेंगे, जहां पर सफाई व्यवस्था सबसे ज्यादा बदहाल है। इसके बाद वहां की निगरानी होगी।
सफाई सुधारा जाएगा। साथ ही शहर में व्याप्त समस्याओं का निराकरण और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना होगा। इससे लोगों को परेशानी न हो और उन्हें बुनियादी सुविधाएं सही तरीके से मिल सके।


