धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 12 जून। भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को शनिवार शाम से रातभर राहत मिली। शहर में रातभर हल्की बारिश हुई। जिससे तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई है। आने वाले दिनों में और इसी तरह की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
धमतरी सहित कुरूद, नगरी, मगरलोड, भखारा क्षेत्र में शनिवार को शाम 7 बजे से तेज हवा शुरु हो गई। मगरलोड क्षेत्र में ओलों के साथ करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली है, लेकिन आज सुबह से तेज धूप फिर निकल आया। इस वजह से उमस बढ़ गई है।
बारिश से फसल खराब होने की अंदेशा
किसानों ने ओले के साथ बारिश से सब्जी फसल खराब होने का अंदेशा है। क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी सब्जी फसल लगाई है। ओले के साथ हुई बारिश से उनकी फसल के बर्बाद होने का अंदेशा बना हुआ है। किसान राम भगत साहू, दिनेश पटेल, पवन साहू ने कहा कि इन दिनों गर्मी के मौसम में भाटा, टमाटर, बरबट्टी सहित अन्य सब्जियों की फसल लगाई गई है। अचानक हुई बारिश से सब्जी फसल के खराब होने की आशंका है। ओले गिरने से पौधे गिर गए हैं।
आज दिनभर ऐसा रहेगा मौसम
13 जून को सुबह से शाम तक बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश, बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहेगा। अधिकतम तापमान में गिरावट होने से राहत की उम्मीद है। नमी की मात्रा 52 फीसदी रहने और 18 किमी/घंटे की गति से हवा चलेगी।
अब भीषण गर्मी से मिलेगा लोगों को राहत
इस साल भीषण गर्मी ने लोगों को बेहद परेशान किया हुआ है। खासकर मई के दूसरे पखवाड़े और जून के प्रथम पखवाड़े में जिस तरह से गर्मी पड़ी है, उससे न केवल आम जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ है बल्कि पशु पक्षियों के लिए भी संकट गहरा गया था। हरे भरे पेड़ पौधे भी मुरझाने लगे थे। इन सबके बीच मौसम विभाग ने अब 15 जून तक बारिश की संभावना जताई है। जिसके कारण न केवल धरती की तपिश कम होगी बल्कि लोगों को भी धूप से राहत मिलेगी।


