धमतरी

खपरैल वाले मकान में आग, बुजुर्ग महिला जिंदा जली
06-Jun-2022 7:04 PM
खपरैल वाले मकान में आग, बुजुर्ग महिला जिंदा जली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
धमतरी, 6 जून। 
शहर के बठेना पारा वार्ड के एक घर में आग लग गई। इस घटना में खाट पर सो रहीं 75 वर्षीय बीमार महिला जिंदा जल गईं। आस-पड़ोस की सूचना पर दमकल टीम ने आग बुझाई। आग लगने का कारण अज्ञात है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार को दोपहर करीब 3 बजे की है। बठेना पारा निवासी बुजुर्ग महिला सुरुज सिन्हा घर में अकेली रहती थीं। वह 3 दिन से बीमार थीं। घर से ज्यादा निकल नहीं रही थीं। रविवार को दोपहर आस-पड़ोस के लोगों ने घर से धुंआ निकलते देखा। अंदर जाने पर महिला जिंदा जल रही थी, जबकि कपड़े और मकान के छप्पर भी जल रही थी। आग भभकती देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दमकल टीम ने घटनास्थल आकर आग बुझाई।

पुलिस घटना की जांच कर रही
टीआई कोतवाली टीआई शेरसिंह बंदे सूचना पर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घर का निरीक्षण किया। जिस जगह आग लगी थी, वहां आसपास माचिस बिखरी मिली। उन्होंने कहा कि दीप जलाते समय संभवत: आग लगी है। महिला जिंदा जल गई। पंचनामा की कार्रवाई की गई है। मृतका के परिजन का बयान लिया। महिला अकेली रहती थी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

90 फीसदी झुलसे बालक ने तोड़ा दम
सहपाठी बच्चों के ताना मारने से क्षुब्ध होकर खुद पर आग लगने वाले बालक की मौत हो गई। यह घटना कुरूद ब्लाक के ग्राम गाड़ाडीह (उमरदा) की है। शनिवार को सुबह बालक अजय देवांगन (10) अपने घर के पास खेल रहा था, तभी बस्ती के कुछ सहपाठी बच्चे उसे तुम्हारा बाप चोर है, कहकर चिढ़ाने लगे। पिछले कुछ दिनों से यह सिलसिला चल रहा था, जिससे अजय बेहद परेशान था। अपमानजनक उपहास से वह बेहद शर्मिंदगी महसूस करने लगा। दुखी होकर शनिवार को उसने सोसाइटी से केरोसीन खरीदा और खुद पर आग लगा ली। इससे वह 90 फीसदी झुलस गए। गंभीर अवस्था में उसे 108 एम्बुलेंस से इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां रायपुर पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
 


अन्य पोस्ट