धमतरी
जांच के लिए सैंपल रायपुर भेजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 जून। साल 2022 में पहली बार खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक व्यापारी के गोदाम में छापा मारकर 9.66 लाख का अवैध गुटखा जब्त किया। पंचनामा बनाने के बाद बांड पेपर भरकर व्यापारी के संरक्षण में ही छोड़ा है, ऐसा इसलिए किया, क्योंकि शनिवार व रविवार को कोर्ट बंद था।
अर्जुन रेसीडेंसी रोड स्थित गोदाम में अवैध गुटखे होने की सूचना 15 दिन पहले खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय सोनी ने बताया कि इसकी रेकी की गई। शनिवार को शाम करीब 4 बजे गोदाम में 138 बोरी गुटखा होने की पुख्ता खबर मिली। इसके बाद गोदाम की तलाशी ली गई, तो सफेद रंग की बोरियां रखी मिली।
व्यापारी हरि राजवानी को बुलाया गया। जांच में अंदर गुटखा थी। इसके संबंध में व्यापारी हरि से दस्तावेज मांगा गया, लेकिन नहीं दिखाया। गुटखा अवैध मानकर पंचनामा बनाया गया। जब्त गुटखे की कीमत 9 लाख 66 हजार रुपए है। सैंपल रायपुर प्रयोगशाला जांचने भेजा जब्त गुटखे को व्यापारी हरी राजवानी के अभिरक्षा में उसी के गोदाम में रखा गया है।
गुटखा की बोरियां हेराफेरी न हो, इसलिए अफसर ने व्यापारी से 2 गवाह के सामने बांड पेपर भरा। इसके बाद सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया। पूछताछ में पता चला कि गुटखे की पड़ोसी जिले कांकेर, बालोद, गरियाबंद व बस्तर में भी सप्लाई होती थी।


