धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 मई। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए अब नगर निगम धमतरी शहर में जगह-जगह बर्तन बैंक खुलेगी। करीब 8 लाख की लागत से टेंडर निकाला गया है। जल्द ही गरीबों और जरूरतमंदों को नगर निगम की ओर से बर्तन बैंक के रूप में बड़ी राहत मिलेगी।
शादी-ब्याह समेत विविध राजनीतिक, सामाजिक कार्यों में उपयोग होने वाली प्लास्टिक डिस्पोजल आदि के चलते शहर का पर्यावरण दिनों-दिन बिगड़ता जा रहा हैं। शहर की नालियां प्लास्टिक डिस्पोजलों से अटा पड़ा हैं। कार्यक्रम के बाद धर्मशाला, सामाजिक भवनों के आसपास ऐसे कूड़े करकट का ढेर लगा रहता है। इससे जहां शहर की खूबसूरती बिगड़ती है, वहीं पर्यावरण को भी बड़ा नुकसान पहुंच रहा हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए भूपेश सरकार ने धमतरी समेत सभी छोटे-बड़े शहरों में 5 सौ बर्तन बैंक खोलने का निर्णय लिया है। इसमें धमतरी शहर में 8 बर्तन बैंक खुलेगा। प्रत्येक बर्तन बैंक में 1-1 लाख का बर्तन उपलब्ध रहेगा। इसका संचालन चयनित वार्डो का महिला स्व-सहायता समूह करेगी, जो किराया भंडार के एवज में बहुत ही कम दामों में बर्तन उपलब्ध होगा।
1 जुलाई से प्लास्टिक पर बैन
सिंगल यूज प्लास्टिक पर 1 जुलाई से प्रतिबंध लगाया जाएगा। केन्द्र सरकार की अधिसूचना के बाद प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है। वैसे प्रदेश में पॉलीथिन पर 2017 से प्रतिबंध है। धमतरी समेत प्रदेशभर में हर माह औसतन 1 हजार टन से ज्यादा प्लास्टिक का उपयोग किया जा रहा है। घरों में उपयोग होने वाले कचरे में भी एक तिहाई हिस्सा प्लास्टिक कचरे का होता है।
टेंडर की प्रक्रिया चल रही- महापौर
महापौर विजय देवांगन ने कहा कि शहर में प्लास्टिक के उपयोग को रोकने 8 जगह पर बर्तन बैंक खोला जाएगा। इसके लिए करीब 8 लाख की लागत से टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही यह बर्तन बैंक खुल जाएगा।


