धमतरी
पीएम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 मई। मगरलोड ब्लॉक के जामली में 6वीं कक्षा के एक छात्र की लाश पेड़ पर फंदे पर लटकी मिली। मृतक के पैर जमीन को छू रहे थे। बारह साल के बालक की लाश फांसी पर लटकी मिलने का मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हत्या की आशंका भी जताई गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि की है। घटनास्थल से घर की दूरी 1 किमी है।
मगरलोड पुलिस के मुताबिक घटना मोहंदी के आश्रित गांव जामली की है। समीर ध्रुव ने 3 मई की सुबह 10 बजे घर में खाना खाया। इसके बाद निकला। दोपहर तक वापस नहीं लौटा। मां और बड़ी बहन ढूंढने निकले। करीब 5.30 बजे घर से 1 किमी दूर पेड़ पर बालक फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को शाम 7 बजे दी गई। एएसआई तेजूराम सिन्हा सहित अन्य पुलिस जवान घटनास्थल आए। शव को फंदे से उतारा। चार मई को पंचनामा की कार्रवाई की गई। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
घटना की पुलिस जांच कर रही
जांच अधिकारी तेजराम सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना 3 मई को शाम 7 बजे मिली। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन, ग्रामीणों का बयान लेने के बाद ही मौत का स्पष्ट खुलासा होगा। मृतक के पिता नागेश ध्रुव का साल भर पहले कोरोना काल में निधन हुआ था।


