धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 मई। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने प्रदेश महासचिव व कुरूद जनपद अध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू को कांकेर जिले का महिला पर्यवेक्षक प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रदेश संगठन की ओर से मिले इस दायित्व को स्वीकार करते हुए शारदा साहू ने कहा कि कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल की नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को दोबारा जिताने एवं 2024 के आमचुनाव में सोनिया गांधी के हाथ मजबूत करने के लक्ष्य निर्धारित कर जनसेवा के काम में जुटी हैं।
ज्ञात हो कि तहसील साहू समाज महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष होने के नाते वे नारी शक्ति को संगठित करने में काफी हद तक कामयाब दिख रही है। शायद यही वजह है कि छत्तीसगढ़ महिला काँग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने शारदा साहू के जन्मदिन 2 मई को उनका कार्य क्षेत्र में इजाफा करते हुए उन्हें कांकेर जिला की जिम्मेदारी सौंपी है। अपनी इस नई नियुक्ति के लिए वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए श्रीमती साहू ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसको निष्ठापूर्वक निभाऊंगी।
कांग्रेस की रीति नीति से महिलाओं को जोडक़र संगठन को मजबूत बनाने का काम होगा। साथ ही भूपेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के साथ साथ खासतौर पर महिला उत्थान से जुड़े प्रोगाम पर फोकस किया जाएगा ।
कुरुद जनपद अध्यक्ष को कांकेर जिले की प्रभारी नियुक्त होने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इससे पार्टी को आगामी चुनावों में लाभ होगा।


