धमतरी
धमतरी, 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ‘किसान भागीदारी, प्राथमिकता हमारी‘ योजना से लाभान्वित होने के लिए शत-प्रतिशत किसानों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) बनाया जाना है। उप संचालक कृषि ने बताया कि इसके लिए इच्छुक कृषक जिन्होंने पूर्व में केसीसी नहीं बनवाया है, के लिए 25 अप्रैल से विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले 24 अप्रैल को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें योजना से वंचित किसानों को ग्रामसभा के माध्यम से चिन्हांकित किया जाएगा। इसके बाद 25 अप्रैल से एक मई के बीच विशेष अभियान चलाकर शिविर में उपस्थित किसानों का केसीसी बनवाया जाएगा। उप संचालक कृषि ने बताया कि उक्त योजना से लाभार्थियों की ग्रामवार सूची सभी जनपद पंचायतों एवं वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि अपने सभी अभिलेखों आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका की छायाप्रति, बैंक पासबुक आदि के साथ उपस्थित होकर नजदीकी सहकारी समिति एवं अन्य बैंकों में उपस्थित होकर अपना केसीसी बनवा लें, जिससे कि कृषि ऋण लेने में सुविधा हो।