धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 3 फरवरी। राष्ट्रीय मंत्री भाजपा किसान मोर्चा पिंकी शिवराज शाह, भाजपा के जिला मंत्री एवं दूरसंचार निगम के सदस्य राजेंद्र गोलछा, भाजपा मंडल बेलर के अध्यक्ष अकबर कश्यप ने 01 फरवरी को नगरी विकासखंड के बेलर मंडल के अंतर्गत अंतिम छोर एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र बोरई, घुटकेल, ढोढरीनडीही के किसान जिनके घर एवं बाड़ी में हाथियों के 35 - 40 के दल ने नुकसान किया जिसका निरीक्षण इन नेताओं के द्वारा किया गया।
इस दौरान पीडि़त किसान तीजू राम मरकाम, सुखराम मरकाम, महादेव मरकाम के बाड़ी एवं घर का निरीक्षण करते हुए किसानों को ढांढस बंधाया गया। इसके साथ ही नेताओं द्वारा शासन से मांग की गई है कि पीडि़त किसानों के मकान एवं बाड़ी में लगाए गए फसल को जो नुकसान हुआ है उसका तत्काल मुआयना कर किसानों को मुआवजा राशि प्रदान की जावे। इस दौरान देखा गया कि इस क्षेत्र के किसान हाथी दल के हमले से काफी डरे एवं सहमे हुए हैं, इसके लिए वन विभाग को इन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई। इस दौरान गोरखनाथ साहू, तुलसीराम यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।


