धमतरी
डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं लौटाए, बंदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 सितंबर। जान-पहचान होने का फायदा उठाते हुए महिला से लाखों के सोने के गहने लेकर धमतरी के ज्वेलरी शॉप में गिरवी रखकर उन रूपयों को व्यक्तिगत उपयोग करने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शहर क्षेत्रांतर्गत महिमा सागर वार्ड निवासी महिला ने लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आधारी नवागांव वार्ड निवासी गंगा बांधे से उसकी पुरानी जान पहचान होने के कारण उस पर विश्वास करती थी। इसी बीच गंगा बांधे द्वारा प्रार्थिया से उसके गहने कुछ दिन के लिए उपयोग हेतु मांगकर बिना बताए बदनीयती से उसके गहनों को ज्वेलरी दुकान में गिरवी रखकर रुपए प्राप्त कर डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी गहने वापस नहीं की। उक्त रिपोर्ट पर आरोपिया गंगा बांधे के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपिया गंगा बांधे अपने पति के साथ रायपुर में है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर निर्देशानुसार तत्काल टीम रवाना की गई। उक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर रायपुर से आरोपिया गंगा बांधे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने प्रार्थिया को विश्वास में लेकर उसके लाखों रुपए के सोने के गहने लेना तथा उक्त गहनों को धमतरी के ज्वेलरी शॉप मेंं गिरवी रखकर रुपए प्राप्त कर व्यक्तिगत उपयोग करना बताई। आरोपिया की निशानदेही पर ज्वेलरी शॉप में गिरवी रखे गए सोने के गहनों को बरामद किया गया है।
विवेचना क्रम में मेमोरेंडम कथन, उपलब्ध दस्तावेजी साक्ष्य के आधार पर आरोपिया गंगा बांधे उम्र 28 वर्ष साकिन आधारी नवागांव वार्ड एफसीआई गोदाम के सामने धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई तथा न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले की विवेचना क्रम में अन्य दस्तावेजी साक्ष्य संकलित किया गया तथा आरोपिया ने प्रार्थिया के अलावा शहर के अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाई है, जिसके संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जिस पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


