धमतरी

बूथ स्तर पर कांग्रेस की मजबूती पर चर्चा
05-Sep-2021 8:18 PM
बूथ स्तर पर कांग्रेस की मजबूती पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 सितंबर।
कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर पर मजबूती प्रदान करने शनिवार को धमतरी में एक बड़ा आयोजन किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ कांग्रेस सह प्रभारी चंदन यादव मुख्य अतिथि रूप में उपस्थित हुए। यादव ने कार्यकर्ताओं को अगले चुनाव के लिए तैयार रहते हुए बूथ स्तर तक कार्यक्रम बनाने की दिशा निर्देश दिए।

मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हम 2023 और 2024 को देखते हुए बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला, ब्लॉक स्तर पर  कार्यकारिणी बना दी गई है। अब बूथ स्तर पर योजना बना कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। ढाई साल के फार्मूले को उन्होंने नजरअंदाज करते हुए कहा कि पौने 3 साल में कांग्रेस ने अपनी घोषणा पत्र के अनुसार कार्य कर रही है, ज्यादातर वायदे पूरे हो चुके हैं।

भाजपा के चिंतन शिविर में आदिवासी वोट बैंक को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म, संस्कृति, जाति के आधार पर बटवारा करती है, लेकिन कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। जनता कांग्रेस के 2 विधायकों के कांग्रेस में वापसी के जवाब को टालते हुए उन्होंने कहा प्रक्रिया चल रही है, जो भी परिणाम होगा सामने आ जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष  रामगोपाल अग्रवाल,  प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष  गिरीश देवांगन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला धमतरी-कुरुद विधानसभा बूथ प्रभारी मोहित धु्रव, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शरद लोहाना, सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी धु्रव सहित पूर्व विधायक व पदाधिकारी एवं कांग्रेस जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
 


अन्य पोस्ट