दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 मार्च। प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में शुमार दंतेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि का आयोजन पारंपरिक श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं।
मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा तेल और घी के ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए गए हैं। इनमें 3391 तेल के ज्योति कलश और 900 से अधिक घी के ज्योति कलश शामिल हैं।
नवरात्रि के पंचमी तिथि के दौरान सोमवार को श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। इस दौरान भक्तों ने माता के दर्शन किए।
मंदिर के पुजारी ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि दंतेश्वरी माता का पंचमी को विशेष श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत भोग और नैवेद्य अर्पित किए गए। मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्तों ने देवी दर्शन किए। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों ने दर्शन किए।


