दन्तेवाड़ा

भूमकाल दिवस मनाया, सार्वजनिक अवकाश और एनएमडीसी में स्थानीय भर्ती की मांग
25-Feb-2026 4:16 PM
भूमकाल दिवस मनाया, सार्वजनिक अवकाश और एनएमडीसी में स्थानीय भर्ती की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 25 फरवरी। केंद्रीय विद्यालय मैदान, बचेली में ध्रुवा समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने शासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखते हुए तहसीलदार बचेली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भूमकाल के महानायक वीर गुंडाधुर के सम्मान में ठोस निर्णय लेने और बस्तर क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने 1910 के भूमकाल आंदोलन को आदिवासी स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए कहा कि वीर गुंडाधुर ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक नेतृत्व किया था।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखी गईं—भूमकाल के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। वीर गुंडाधुर के जीवन, संघर्ष और योगदान को छत्तीसगढ़ के शिक्षा पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए। प्रदेश के किसी प्रमुख जनकल्याणकारी स्थल का नाम अमर शहीद वीर गुंडाधुर के नाम पर रखा जाए। बस्तर के वन्य अभ्यारणों का नामकरण उनके नाम से किया जाए।

एनएमडीसी बचेली, किरंदुल एवं नगरनार क्षेत्र में स्थानीय आदिवासी युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। पांचवीं अनुसूची के प्रावधानों के तहत स्थानीय भर्ती सुनिश्चित की जाए तथा पूर्व में रोकी गई भर्तियों को पुन: प्रारंभ किया जाए।

समाजजनों ने कहा कि यह मांगें केवल सम्मान से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और आदिवासी समाज के अधिकारों से भी संबंधित हैं। उन्होंने शासन से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई।


अन्य पोस्ट