दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 25 फरवरी। जिला मुख्यालय की मुख्य सडक़ों में शुमार जिला अस्पताल सडक़ अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। इसके फलस्वरुप वाहन चालकों और स्थानीय क्षेत्र वासियोंको समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि स्टेट बैंक चौक से गायत्री शक्तिपीठ तक सडक़ अनेक भागों पर उखड़ चुकी है। इनमें जिला अस्पताल और विद्युत कार्यालय के समीप सडक़ धंस चुकी है। जिससे उक्त बिंदुओं पर वाहनों की पासिंग के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल का गुबार उड़ता है। जिससे स्थानीय नागरिकों को अत्यधिक परेशानी होती है।
होगी मरम्मत - एसडीएम
इस मुद्दे पर एसडीएम लोकांश एल्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय अंतर्गत मरम्मत योग्य सडक़ों को चिन्हांंकित किया जा रहा है। जिससे सडक़ों की बेहतर मरम्मत हो सके। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल सडक़ में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। वही यात्री वाहनों को भी छूट नहीं दी जाएगी।


