रायपुर, 22 मई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ एस भारतीदासन के आदेश पर कोविड-19 के उपचार के लिए रायपुर जिले के निजी अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली समस्याओं और शिकायतों के समाधान करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए थे। कोरोना इस दूसरी व्यापक लहर और उसके बाद विगत लगभग 40 दिनों से नोडल अधिकारियों द्वारा मरीजों या उनके परिजनों को निजी अस्पतालों से सम्बंधित समस्याओं जैसे एडमिशन, रेफरल, दवाई, बिलिंग, डेड बॉडी मूवमेंट, अस्पतालों में उपलब्ध बेड की स्थिति इत्यादि से संबंधित सभी समस्याओं का समाधान करने के साथ साथ उनकी शिकायतों का निवारण किया जा रहा हैं।
शिकायत करने हेतु विशेष टोल फ्री नंबर किया जारी, शिक्षक चिकित्सालयों में भी दर्शाए गए नंबर
अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में एकाएक कोरोना की व्यापक लहर आने पर कलेक्टर ने तत्काल रायपुर जिले में कोरोना के इलाज करने वाले सभी निजी चिकित्सालयों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की और मरीजों से मिल रही शिकायतों के निवारण लिए नोडल अधिकारियों के नंबर ना केवल चिकित्सालयों में अंकित करवाएं बल्कि उनके नंबरों को सार्वजनिक भी किया । इसके अलावा शिकायत करने हेतु विशेष टोल फ्री नंबर +91 86022 70023 भी जारी किया, जिसके माध्यम से कोई भी मरीज या उसके परिजन शिकायत कर सकते हैं । इतना ही नहीं कलेक्टर ने इस पूरे कार्य के समन्वय के लिए सहायक नोडल अधिकारी के रुप में आई ए एस श्री अभिषेक कुमार को दायित्व सौंपा ।
अभिषेक कुमार ने बताया कि कोविड-19 मरीजों के परिजनों द्वारा सीधे नोडल अधिकारियों के जारी किए गए मोबइल नंबर पर संपर्क करके समस्या बताई जाती है।इसी तरह कंट्रोल रूम में प्राप्त शिक़ायत की सारी जानकारी एकत्रित करके संबंधित नोडल अधिकारियों की ओर अग्रेषित किया जाता है, जिसके पश्चात नोडल अधिकारियों के माध्यम से समस्या का समाधान किया जाता है।
निजी हॉस्पिटलों में शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक चार्ज लेने की शिकायत पर बिल की जांच भी की जाती है । इन शिकायतों के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा 11 निजी चिकित्सालयों को 16 नोटिस जारी किए गए। इसके तहत बांठिया हॉस्पिटल को 4 ,श्री मेडीसाइन हॉस्पिटल को 2, रामकृष्ण हॉस्पिटल को 1, जय अंबे हॉस्पिटल को 1, मित्तल हॉस्पिटल को 1, महामाया हॉस्पिटल को 1, रिम्स को 2, पथकिंड को 1, एकता चिल्ड्रन हॉस्पिटल को 1 , कान्हा चिल्ड्रन हॉस्पिटल को 1, बालाजी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल को 1, नोटिस जारी किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मीरा बघेल ने बताया कि चिकित्सालय को अतिरिक्त ली गयी राशि मरीजों के परिजन को वापस करने के निर्देश भी दिए गए । इसके कारण ना केवल बहुत से मरीजों की राशि वापस की गई या बिल की राशि को कम किया गया । इसका फायदा विभिन्न चिकित्सालय में भर्ती कोरोना के अन्य मरीजों को भी मिला। बांठिया अस्पताल, रायपुर के विरुद्ध कई शिकायत प्राप्त होने के पश्चात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय द्वारा संबंधित निजी अस्पताल पर कार्रवाई करते हुए उसके लाइसेंस को 15 दिनों के लिए निरस्त किया गया । इसी तरह अनियमितता प्राप्त होने पर नर्सिंग एक्ट के तहत महामाया हॉस्पिटल, खरोरा पर 5 हज़ार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
नोडल अधिकारियों द्वारा साक्ष्य में एक-एक करके सारे सभी शिकायत का निवारण किया गया और अनेक मरीजों से अतिरिक्त ली गयी राशि को अस्पताल द्वारा वापस कराया गया। शिकायतकर्ताओं ने इस पर लिखित में अपनी सहमति भी व्यक्त की और इस सहायता के लिए जिला प्रशासन और व्यवस्था की तारीफ भी की गई।
महामारी की चरम स्थिति के दौरान खाली बेड की स्थिति को देखते हुए नोडल अधिकारियों ने मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने का कार्य भी किया
ज्ञात हो अप्रैल महीने में जब महामारी चरम सीमा पर थी, उस समय नोडल अधिकारियों को मरीज को शीघ्र भर्ती कराने के लिए परिजनों के डिस्ट्रेस कॉल भी आते थे। ऐसे में मरीज की स्थिति एवं खाली बेड की जानकारी को देखते हुए नोडल अधिकारियों द्वारा 24 घंटे रात- दिन अस्पताल में भर्ती कराने में भी सहयोग किया गया ।
इसी तरह ऐसे मरीज जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं थे परंतु कोई कारणवश उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, उन्हें अधिकारियों के समन्वय से शासकीय अस्पतालों में भी रेफेर और ट्रांसफर किया गया ।
मरीज की स्थिति एवं उपचार संबंधित जानकारी अस्पताल द्वारा साझा कराने में भी मदद की
ऐसे कोरोना परिजन जिनकी शिकायत होती है कि उन्हें मरीज की स्थिति एवं उपचार संबंधित जानकारी अस्पताल द्वारा साझा नहीं की जा रही है, तब नोडल अधिकारियों द्वारा अस्पताल से संपर्क करके परिजनों की समस्या का समाधान भी किया गया।
इसी तरह नोडल अधिकारियों द्वारा निगम अधिकारियों और जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त संबंधित अधिकारियों के समन्वय से डेड बॉडी का मूवमेंट सुचारु रूप से हो यह सुनिश्चित भी किया गया।
सहायक नोडल अधिकारी डॉ प्रकाश गुप्ता ( सिविल सर्जन, रायपुर) एवं नियुक्त नोडल अधिकारीगण ए के पाण्डेय, प्रशांत शर्मा, लोकनाथ साहू, शैलाभ कुमार साहू, श्रीमती प्राची मिश्रा, व्ही के देवांगन, डॉ रविन्द्र कनखिवाले, राजेंद्र दुबे, चम्पत देवांगन, सी के पाण्डेय, भूपेंद्र बवान्थडे, अशोक धोटे, श्रीमती विद्या भंडारी, सुनील बघेल , सुश्री मृणालिनी सिंह ठाकुर, भूपेंद्र पांडे, विनायक शर्मा, डी एल साहू, सी पी जैन इत्यादि द्वारा उन्हें आवंटित निजी अस्पतालों से संबंधित शिकायतों का निवारण लगातार किया जा रहा है।