‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. रमन सिंह अपने प्रचार अभियान के तहत सोमनी में क्षेत्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यालय के उद्घाटन से इस क्षेत्र के छह शक्ति केन्द्रों के कार्यो का संचालन इस कार्यालय से होगा। मुख्य मार्ग पर स्थित इस कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्याकर्ता उपस्थित थे।
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भाजपा कैडरबेस पार्टी है, यह कार्यकर्ताओं के दम पर चलती है। कार्यकर्ता पार्टी के रीड़ का काम करते है, यहॉ छोटा सा भी कार्यकर्ता मेहनत, परिश्रम व पार्टी के विचारों व सिद्धांतों के प्रति अपने समर्पण के दम पर पार्टी के शीर्ष स्तर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि वे एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में कार्य करना प्रारंभ किया, जिसे पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के शीर्ष पर पहुंचाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते कहा कि वे भी एक सामान्य कार्यकर्ता से आज देश के प्रधानमंत्री हैं। यहां परिवारवाद की राजनीति नहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं की नीति से काम चलता है।
डॉ. सिंह ने इस क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से कार्यकर्ताओं का आव्हान करते कहा कि इस क्षेत्र के सभी शक्ति केन्द्रों के माध्यम से कार्यकर्ता एक-एक बूथ तक जाए तथा पार्टी के विचारों व सिद्धांतों, 15 वर्षों के विकास कार्यों तथा मोदी सरकार की जनहित नीतियों को तथा कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं। कार्यकर्ता इस कार्य में जुट जाए, एक-एक मतदाता तक पार्टी का संदेश पहुंचाकर पार्टी के अभियान को सफल बनाएं।
इस दौरान प्रकाश सांखला, कृष्णा तिवारी, मनोज साहू, नेपाल साहू, रमन सिंह राजपूत, महेश साहू, नील निर्मलकर, संतोष यादव, छबि यदु, हेमंत साहू, राजेश बंजारे, गज्जा बंजारे, गंगाराम बंधे, उमेश साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी के युवा कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान दो दर्जन नए लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें रमन सिंह ने गमछा पहनाकर स्वागत किया।
भाजपा के उम्मीदवार डॉ. रमन सिंह अपने प्रचार अभियान को गति प्रदान करते ग्राम अंजोरा पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। डॉ. सिंह को गांव में विराजित मॉ दुर्गा और मॉ सरस्वती के पंडाल पर ले गए, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा ग्रामीणों के मध्य जनसम्पर्क किया। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाने भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल फूल छााप का बटन दबाना आज का युगधर्म हो गया है। उन्होंने कहा कि गरीबों को एक रूपये किलों में चॉवल देने की पहल देश में सबसे पहले उन्होनें की, उसका परिणाम यह निकला कि छत्तीसगढ़ में भूखे पेट किसी को सोने की जरूरत नहीं पड़ी।