निरीक्षण के लिए टीम के आने की संभावना बनी हुई है-डॉ. निगम
एनाटॉमी, फि जियोलॉजी व बायोकेमिस्ट्री के लिए फैकल्टी, बैठक व्यवस्था, अलग लैब की तैयारियां पूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जुलाई। मेडिकल कॉलेज महसमुंद के डीन डॉ. पीके निगम कहते हैं कि मेडिकल शिक्षा के लिए एनाटॉमी, फिजियोलॉजी व बायोकेमिस्ट्री बहुत ही बेसिक विषय है। इससे पढ़ाई की शुरुआत होती है। तीनों ही विषयों के लिए फैकल्टी, बैठक व्यवस्था व अलग लैब जैसी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। हमारी तैयारियां इतनी है कि यदि आज निरीक्षण होता है और हमें मान्यता मिलती है तो इसी सत्र में नीट के माध्यम से एडमिशन लेकर यहां पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भेजे गए पत्र से एनएमसी संतुष्ट है और निरीक्षण के लिए टीम के आने की संभावना बनी हुई है। चिकित्सा शिक्षा के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में 100-100 सीटर दो लेक्चर थिएटर के साथ कॉलेज काउंसिल हॉल, प्रेक्टिकल हॉल डीन ऑफिस जैसी व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार फैकल्टी के लिए वर्तमान में दूसरे चरण में प्रमोशन की प्रक्रिया चल रही है, जिससे कॉलेज के लिए फैकल्टी के अन्य स्टाफ भी एक महीने के भीतर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वर्तमान समय में कॉलेज के लिए 9 स्टाफ दिया गया है। जो अभी अपनी सेवाएं भी दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद में जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेज की मान्यता बिना किसी समस्या के हासिल करने के लिए इसकी अस्थायी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज प्रबंधन ने इसके लिए प्रैक्टिकल लैब, लेक्चर थिएटर, फैकल्टी सीटिंग अरेंजमेंट के साथ मेडिकल कॉलेज के लिए जरूरी बेड की संख्या भी बढ़ा ली गई हैं। अभी नेशनल मेडिकल काउंसिल ने निरीक्षण के बारे में कोई तय समय नहीं दिया है, लेकिन निरीक्षण कभी भी होने की संभावना को लेकर प्रबंधन ने बेसिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मालूम हो कि महासमुंद मेडिकल कॉलेज के लिए मिली जमीन के सीमांकन का कार्य भी शुरू हो गया है। इसके लिए पटवारी व आरआई की टीम भी मौके पर जाकर मेडिकल कॉलेज की जमीन के सीमांकन व चिन्हांकन का कार्य किया जा रहा है। यदि हाल ही में मेडिकल कॉलेज को मान्यता मिलती है तो अस्थायी तौर पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर पर ही स्टूडेंट्स के लिए लेक्चर थिएटर, लैब व अन्य सुविधाएं यहीं तैयार की गई हैं।
सच तो यह भी है कि मेडिकल कॉलेज की अनुमति के लिए संबंधित अस्पताल में 330 बेड का होना अनिवार्य है। इसी के कारण ही मेडिकल कॉलेज की मान्यता नहीं मिल पाई है, लेकिन अब इसकी व्यवस्था भी कर ली गई है। मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में वर्तमान समय में 333 बेड उपलब्ध हैं। इसमें हाल ही में बच्चों के स्पेशल वार्ड को भी जोड़ा गया है, जिसे कोरोना काल के तीसरी लहर को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए तैयार किया गया है। जिसमें सभी 30 बेड ऑक्सीजन से लैस हैं। इसके साथ ही अस्पताल में अब ऑक्सीजन बेड की संख्या भी 110 हो गई है।