महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जुलाई। बसना शहर में एक दिन पहले हुई चोरी की घटना झूठी निकली। प्रार्थी ने ही चोरी की झूठी योजना बनाई। क्योंकि वह कर्ज में डूबा हुआ था। लेकिन उसकी ये योजना असफल हुई। उसे पता ही नहीं था कि सीसीटीवी कैमरे में उसकी यही हरकत कैद हो गई है। शनिवार की रात 3 बजे प्रार्थी खुद ही अपने घर का दीवार फांदकर बाहर निकलता हुआ दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकडक़र कड़ाई से पूछताछ की। जिसमें युवक ने स्वीकार किया कि उसने ही चोरी की झूठी शिकायत की थी। पुलिस ने अब प्रार्थी के खिलाफ ही चोरी, चोरी की झूठी रिपोर्ट, अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
मामला यह है कि रविवार को बसना के वार्ड क्रमांक 5 निवासी तुफैन खान उम्र 27 वर्ष ने बसना थाना पहुंचकर बताया था कि 17 जुलाई को उसके घर चोरी की घटना हुई है। अज्ञात चोर ने रात में घर में घुसकर 7.94 लाख रुपए की चोरी की है। उक्त रकम को बसना निवासी सबीर ने ही ओडिशा के एक परिचित को देने के लिए दिया था, जिसे मैंने घर की आलमारी में रख दिया था।
मामला दर्ज होते ही साइबर सेल की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। घर के पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में वो तस्वीर नजर आई, जिसमें प्रार्थी तुफैन ही रात 3 बजे अपने ही घर की दीवार फांदकर जाता हुआ नजर आया।
तुफैन ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया-मैं कर्ज से लदा हुआ हूं। मैंनेे मनमीत सलूजा से 5 लाख रुपए उधार लिया हुआ था। इसके अलावा और कर्ज लिए थे। कर्ज के कारण लोग परेशान कर रहे थे। 17 जुलाई को ओडिशा के बाजीपाली निवासी मो. इलियास (तुफैन के मौसा) ने मुझे फ ोन कर कहा कि जफ र किनारा दुकान से 7.94 लाख रुपए जाकर ले लेना और मुझे जरूरत पडऩे पर देना। मैं शाम 4 बजे जफर किराना पहुंचा और रकम लेकर घर आ गया। इसी दौरान मैंने 50 हजार रुपए कमरे में पलंग के नीचे छिपा दिया और शेष रकम पदमपुर रोड बंसुला के मित्तल राइस मिल के सामने सुनील आहूजा के मकान के बगल में झोपड़ी में 7 लाख, 44 हजार रुपए छिपा दिया।
यह सम्पूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महासमुन्द दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर साहू एवं अनु. अधिकारी सरायपाली विकास पाटले के निर्देशन में थाना प्रभारी बसना निरीक्षक लेख राम ठाकुर, सायबर सेल महासमुन्द प्रभारी उनि. संजय सिंह राजपूत, सउनि विजय मिश्रा, प्रआर. प्रकाश नंद, आर. रवि यादव, ललित यादव, त्रीनाथ प्रधान, संदीप भोई, युगल पटेल, हेमन्त नायक, योगेन्द्र दुबे, कामता आवडे, हरि साहू के द्वारा की गई है।