इस बार पूर्व और वर्तमान सीएम ने बात की, 10वीं-12वीं टाप टेन में महासमुंद के 5 बच्चे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मई। गुरुवार को 10वीं और 12वीं छग बोर्ड परीक्षा का परिणाम आया, जिसमें जिले के छात्र-छात्राओं ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। सबसे बड़ी उपलब्धि सरायपाली के हिस्से गई है। वहां की महक अग्रवाल ने 12वीं वाणिज्य बोर्ड की प्रावीण्य सूची में अव्वल आकर यह बता दिया है कि संसाधनों के अभावों के बावजूद प्रतिभा आगे निकल आती हैं। इसी तरह 10वीं बोर्ड की प्रावीण्य सूची में एक छात्र और 3 छात्राओं ने स्थान बनाया है।
12वीं बोर्ड में महक को 500 में से 487 (97.40 प्रतिशत) अंक, 10वीं बोर्ड में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल नयापारा महासमुंद की छात्रा प्रेरणा पिता पुरुषोत्तम माता कीर्तिबाई साहू ने 600 में से 586 (97.67 प्रतिशत) अंकों के साथ प्रावीण्य सूची में 7वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले सत्र में जिले का 12वीं का परीक्षा परिणाम 80.38 प्रतिशत व कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 74.97 प्रतिशत रहा था। इस तरह इस वर्ष कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम में 11.23 प्रतिशत एवं कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 9.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इसी तरह एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुदा की छात्रा डेनिशा पिता करुणासागर प्रधान ने 600 में से 584(97 प्रतिशत)अंकों के साथ 9वां तथा आरएमएस उच्च माध्यण् शाला छिबर्रा पिथौरा के छात्र तेजस पिता लोकनाथ माता सेतकुमारी नायक ने 600 में से 583 97.17 प्रतिशत अंकों के साथ 10वां स्थान प्राप्त किया है। कुल मिलाकर प्रदेशके टाम टेन में महासमुंद के पांच बच्चों ने स्थान बनाया है।
12वीं में महक राज्य में अव्वल
कक्षा 12वीं की परीक्षा में सरायपाली की छात्रा महक अग्रवाल ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। नतीजे घोषित होते ही इनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। महक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फोन पर बधाई दी। वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी महक को सीएम हाऊस बुलाया है। महक ने भी पूर्व श्री बघेल को धन्वाद देते हुए कहा कि कक्षा 10वीं में जब उसने टॉप टेन में स्थान बनाया था, तब उनके द्वारा हेलीकॉप्टर की सैर करवाई गई थी और 1 लाख रुपए नगद पुरस्कार भी दिया गया था। इसी के परिणामस्वरूप उसमें और अधिक मेहनत करने की लगन पैदा हुई और आज उसने यह सफलता प्राप्त की है। जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ओंकारेश्वर सिंह, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी प्रकाशचन्द्र मांझी, बीआरसीसी सतीश स्वरूप पटेल व अनेक गणमान्यजन उन्हें बधाई देने के पहुंचे।
सीएम से की बात
मुख्यमंत्री कार्यालय रायपुर से भी महक के लिए फोन आया है। नगरपालिका अध्यक्ष चन्द्रकुमार पटेल एवं पार्षद गुंजन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से महक की बात करवाई है। कार्यालय से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश देते हुए उन्हें आज सीएम हाउस बुलाया गया है। जहां उनका सम्मान किया जाएगा।
छात्राओं ने लहराया परचम
कक्षा दसवीं में सरायपाली अंचल के छात्राओं ने अपना परचम लहराया है। दसवीं की प्रावीण्य सूची में भी दो छात्राओं ने 97.33 प्रतिशत अंक अर्जित कर नवां स्थान हासिल किया है। इसमें एकलव्य इंग्लिश मीडियम स्कूल अर्जुण्डा में अध्ययनरत ग्राम कसलबा के एक किसान परिवार की बेटी डेनिशा प्रधान पिता करूणा सागर प्रधान, माता ममता प्रधान एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोरेसिंहा में अध्ययनरत छात्रा रिया साहू पिता हरीश साहू, माता मीरा साहू शामिल हैं। डेनिशा ने चर्चा में बताया कि वह भविष्य में आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं। विधायक चातुरी नंद ने रिया के घर पहुंचकर उन्हें बधाई देते हुए पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
महासमुंद नगर के स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल नयापारा महासमुंद की कक्षा 10 वीं की छात्रा प्रेरणा साहू पिता पुरूषोत्तम साहू ने 97.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में 7 वें स्थान पर स्थान बनाया। स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 10 वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत् रहा। 56 छात्रों में से 53 छात्र प्रथम श्रेणी में एवं 03 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। प्रतीक कुमार साहू 96.66 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर, तृतीय स्थान पर क्षितिज पांडेय 95.67 ने प्रतिशत् अंक प्राप्त किया।
इसी प्रकार कक्षा 10 वीं हिन्दी मीडियम नयापारा के 41 छात्रों में से प्रथम श्रेणी में 23 छात्र, द्वितीय श्रेणी में 14 छात्र, पूरक 04 छात्र रहे हैं। इस प्रकार यहां का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत् रहा है। हिन्दी मीडियम कक्षा 10 वीं अमन कुमार 95.67 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर, भावेश साहू 77.67 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर, संध्या यादव 74.16 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा 12 वीं कामर्स में अश्वनी पटेल 90.8 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान,माही सिंग 89.6 प्रतिशत् द्वितीय, मयंक सिदार 89.4 प्रतिशत् तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा 12 वीं बायोलॉजी में सागर साहू ने 86.2 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर, चेष्ठा साहू 85.6 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर तथा शुभम निषाद 80.2 प्रतिशत् अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहे।
दसवीं में प्रेरणा प्रदेश में सातवें स्थान पर
दसवीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार महासमुंद ब्लॉक के ग्राम भोरिंग निवासी प्रेरणा साहू ने 97.67 प्रतिशत से उत्तीर्ण होकर टॉप टेन में अपना स्थान बनाया है। वह जिले में प्रथम स्थान पर है तथा प्रदेश में सातवें स्थान पर है। मिली जानकारी के अनुसार प्रेरणा प्रारंभ से ही पढ़ाई में तेज थी। चूंकि पिता पुरूषोत्तम साहू शासकीय शिक्षक हैं। फलस्वरूप प्रारंभ से ही घर में शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही थी। प्रेरणा ग्राम भोरिंग में रहते हुये नयापारा स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में अध्ययन कर रही हैं।
दूरभाष पर हुई बातचीत में प्रेरणा ने बताया कि प्रतिदिन 8 से 9 घंटे पढ़ाई करती थी। कभी ट्यूशन या कोचिंग नहीं गई। अब आगे भी इसी तरह पढ़ाई करना चाहती है। प्रेरणा डॉक्टर बनके स्वास्थ्य के क्षेत्र में सेवा देना चाहती है। कल सुबह से ही उसे बुके भेंट करने मुंह मीठा कराने घर में लोगों की आवाजाही लगी रही। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरूजनों को दी है।
मालूम हो कि जिले में सत्र 2023-24 में कक्षा 10वीं के लिए 14127 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिनमें 13927 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिले में 5041 छात्र और 6672 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। इस तरह बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.83 प्रतिशत एवं बालिकाओं का 86.88 प्रतिशत रहा। कुल परीक्षा परिणाम 84.17 प्रतिशत रहा। इनमें 4 विद्यार्थियों ने टॉप 10 में जगह बनायी।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.89 प्रतिशत एवं बालिकाओं का 93.62 प्रतिशत रहा। इस तरह जिले का 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 91.61 प्रतिशत रहा। जो राज्य के परीक्षा परिणाम से काफी बेहतर है। कलेक्टर प्रभात मलिक व जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर बच्चों को बधाई दी है।