4 पहले पकड़े जा चुके हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद/बलौदाबाजार, 9 जुलाई। शेयर ट्रेंडिंग में रकम दोगुना करने का झांसा दे करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में 6 और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले 4 आरोपी जेल में निरुद्ध हैं।
बलौदाबाजार जिले के सोनाखान चौकी के ग्राम महकम में शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 2 वर्ष में रकम का दोगुना कर वापस करने का झांसा देते हुए आरोपी शिक्षक रामनारायण साहू सहित अन्य ने कई लोगों से करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। जिस पर थाना कसडोल में आरोपियों के विरुद्ध अब तक 4 अपराधिक प्रकरण दर्ज किया था।
आरोपियों ने कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद, रायगढ़ के कई लोगों के साथ भी शेयर ट्रेडिंग में पैसे लगाकर कम समय में पैसा डबल करने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने के संबंध में जानकारी पुलिस को मिल रही थी।
उक्त प्रकरणों में बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने गहन जांच तस्दीक एवं विवेचना करते हुए ठगी करने वाले सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया था। लिहाजा जांच के दौरान पीडि़तों से आवेदन लेने, आरोपियों की पता तलाश करने, संबंधित आरोपियों की संपत्ति जप्ती एवं कुर्की की कार्रवाई करने के अलावा विवेचना हेतु एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था। प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जानकी साहू एवं देवनारायण साहू, कांकेर से अनीता साहू, कुसुम रानी साहू, अनिल शंकर साहू, ग्राम बिलारी जिला जांजगीर चांपा निवासी रामनारायण साहू को हिरासत में लिया है।
उक्त सभी आरोपियों से पूछताछ की गई। जिसमें आरोपियों ने पूर्व में गिरफ्तार रामनारायण साहू एवं अन्य के साथ मिलकर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। आरोपियों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपियों द्वारा शेयर मार्केट में करोड़ों रुपए रकम लगाया गया। उन्होंने 1.75 करोड़ रुपए में हेली मशीन खरीदा था। इसके अलावा सोनाखान, शिवरीनारायण, सांकरा, डीएमएस बिल्डर्स एंड डेवलपर्स चंदखुरी आदि स्थानों में कई एकड़ जमीन भी खरीदा है।