महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जुलाई। जिला शिक्षा विभाग के एक प्रकरण में आरोप की पुष्टि होने के बाद चेतावनी पत्र जारी तो कर दिया गया, लेकिन 7 वर्ष बाद भी इस चेतावनी पत्र को कर्मचारी के सेवा पुस्तिका में दर्ज नहीं किया गया है। मामला बीईओ कार्यालय बसना का है।
इस मामले में आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत साक्ष्य सहित ऋतुराज रघुवंशी आईएएस संचालक लोक शिक्षण संचालनालय छ.ग. में किया जाएगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक पूर्णानन्द मिश्रा वर्तमान में विकासखण्ड स्रोत्र केन्द्र समन्वयक (बीआरसी) बसना के पद में है। वर्ष 2018 में जब ये संकुल समन्वयक थे, संकुल स्रोत्र केन्द्र गिधली में, तब वाटशप ग्रुप में विवादित पोस्ट किये थे। जिस संबंध में सीईओ जिपं महासमुन्द ने तात्कालीन बसना बीईओ से प्रतिवेदन मंगाया था। प्रतिवेदन के आधार से बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
ऋतुराज रघुवंशी आईेएएस तात्कालीन सीईओ जिपं ने 06 जून 2018 को चेतावनी पत्र जारी किया जिसमें उल्लेख किया है कि पूर्णानन्द मिश्रा ने उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया एवं बहस किया, समय पर विभागीय जानकारी प्रस्तुत नहीं किया तथा वाटशप ग्रुप में उक्तानुसार संदेश भेजना आदि कर्तव्य के निर्वहन में घोर उदासीनता, लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरती गई है। पूर्णानन्द मिश्रा के द्वारा शासकीय कार्य में उदासीनता, लापरवाही, एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के कारण इन्हें चेतावनी पत्र जारी की गई है। यदि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होगी तो, इनके विरूद्व छ.ग. पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत कडी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। लेकिन बसना बीआरसी नियुक्ति के दौरान जब जिला प्रशासन ने इनकी सेवा पुस्तिका के आधार बीईओ बसना से प्रतिवेदन मांगा तो इस चेतावनी पत्र का बगैर उल्लेख किये सेवा पुस्तिका के अनुसार बसना बीईओ जे आर डहरिया ने प्रतिवेदन भेजा।
जिससे पूर्णानन्द मिश्रा को बीआरसी नियुक्ति के दौरान लाभ मिलना पाया गया है।