महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जुलाई। महासमुंद जिले में आज चौथे दिन भी सुबह से मूसलाधार बारिश जारी है। जिला जलमग्न हो गया है। खेत लबालब है। नदी-नाले उफान पर हैं। जिले से गुजरने वाली सडक़ें खस्ताहाल हो चुकी हैं।
जिला मुख्यालय की बात करें तो इस शहर के कई इलाके सरोवर बन गए हैं। इस सीजन की शुरुआती बारिश में ही व्यवस्थाएं बेहाल हो गई हैं। सावन महीना शुरू होने में अभी तीन दिन बाकी हैं और आषाढ़ की झड़ी ने खासकर किसानों को हैरान कर दिया है। इसे मानसून की अब तक की सबसे अधिक बारिश माना जा रहा है। बारिश के बीच हर तरफ केवल पानी ही पानी नजर आ रहा है। तीन दिन की इस बारिश ने महासमुंद पालिका के सफ ाई अभियान की पोल खोल दी है और नालियों का पानी सडक़ पर बहने लगा है।
इस बीच मौसम विभाग ने महासमुंद जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। परसों शुरुआती बारिश में जिले में 50 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है जो इस मानसून में अब तक की रिकॉर्ड बारिश है। पिछले साल 7 जुलाई 2024 को बारिश के आंकड़े पर नजर डालें तो 166.1 मिमी ही बारिश हुई थी। इस साल 289.9 मिमी तक बारिश हुई है। साथ ही अब तक जिले में सालभर की संभावित औसत बारिश का लगभग 25 प्रतिशत पानी गिर चुका है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश की झड़ी के चलते जिले में सभी तहसील क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है। विभागीय जानकारी अनुसार कोडार जलाशय में जल स्तर अब पहले से बढक़र 8 इंच तक पहुंच गया है। महासमुंद के निचली बस्तियों में इमलीभांठा, अयोध्या नगर, नयापारा, तुमाडबरी, सब्जी मार्केट, महामाया मंदिर रोड, बीटीआई रोड स्थित डीईओ ऑफिस समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। बस्तियों की बात दूर, शहर के बीटीआई रोड स्थित डीईओ कार्यालय के आसपास का इलाका भी जलमग्न हो गया है। पानी भरने से डीईओ कार्यालय के सामने का क्षेत्र ने तालाब का रूप ले लिया है।
पिथौरा सबसे ज्यादा भीगा जिले में अब तक कुल 289.9 मिमी औसत 50 मिमी बारिश हुई है। जिले में अब तक 249.3 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है। सर्वाधिक वर्षा पिथौरा तहसील में 290.6 मिलीमीटर. सरायपाली में 282.15 मिलीमीटर, महासमुंद में 249.8 मिलीमीटर,बसना में 239.3 मिलीमीटर,बागबाहरा में 234.6 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 199.5 मिलीमीटर कोमाखान तहसील में दर्ज की गई। आज 07 जुलाई को 49.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
जिले के तहसीलवार वर्षा में पिथौरा तहसील में 75.6 मिलीमीटर, सरायपाली में 54.1 मिलीमीटर, बसना में 50.6 मिलीमीटर,महासमुंद में 48.0 मिलीमीटर, कोमाखान में 37.3 मिलीमीटर एवं बागबाहरा तहसील में 33.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।