‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 अगस्त। दक्षिण वन मंडल कोण्डागांव के माध्यम से विगत 17 वर्षों से लगातार रक्षाबंधन के दिन साल के वृक्ष पर रक्षा सूत्र बांधा जाता है। रक्षा सूत्र बांधने जाने के कार्यक्रम को इस वर्ष भी निरंतर किया गया। इस अवसर यहां मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व स्थानीय विधायक मोहन मरकाम मौजूद रहे।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर वृक्ष रक्षा सूत्रा एक संकल्प वृक्ष को बचाने कार्यक्रम का आयोजन नेशनल हाईवे 30 के पास वनमंडल कार्यालय के सामने किया गया। यहां साल वृक्ष में विशालकाय राखी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम, वनमंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता, पार्षद तरूण गोलछा के माध्यम से बांधा गया। साथ ही वृक्ष रक्षा का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम में उपस्थित जन प्रतिनिधि और वन कर्मचारियों के द्वारा परिसर में खड़े वृक्षों में रक्षा सूत्रा बांधा गया।
जानकारी हो, कि दक्षिण वनमंडल कोण्डागांव अंतर्गत वृक्ष रक्षा सूत्रा कार्यक्रम वर्ष 2005 से अनावरत् 17 वर्षों से इस वनमंडल में उत्सव की भांति बनाया जा रहा है। इस वर्ष वनमंडल के समस्त परिक्षेत्रों में वन प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा एक संकल्प वृक्ष को बचाने का वृक्ष रक्षा जीवन सुरक्षा के तहत् जन जागरूकता लाने के लिए क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा गडलिंग किए गए वृक्षों को बचाने वृक्षों की रक्षा करने एवं पर्यावरण में सुधार लाने का संदेश देते हुये वृक्ष रक्षा पर्व मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में दक्षिण वनमंडल के उपवनमंडलाधिकारी पश्चिम एमएस नाग, सूर्यप्रकाश धु्रव, बीजनलाल शर्मा, निखिल सक्शेना, द्रोपती ठाकुर, शैलेन्द्र मिश्रा, डीएस नेताम, पदमलाल पाण्डे, एमएल बेलसरिया, सुशीलचन्द्र मिश्रा, राकेश शुक्ला, गजेन्द्र मरकाम, योगेश कोर्राम, हेमन्त यादव, गणमान्य नागरिक व बच्चे सम्मिलित थे।