‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 14 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले को लेकर सोमवार को नवापारा शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी तथा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रैली निकालकर नारेबाजी भी की। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रायपुर जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने अपने भाषण की शुरूआत जय सियाराम के उद्घोष से की। उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की जिम्मेदारी दी है और कांग्रेस उसी दायित्व का निर्वहन कर रही है।
उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया चढ़ावा उनकी आस्था और विश्वास का प्रतीक होता है, इसलिए उसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और आम जनता की परेशानियों पर कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले की निंदा करते हुए कहा कि लोग मंदिर के विकास और भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए दान करते हैं, ऐसे में यदि उस धन में अनियमितता होती है तो यह अत्यंत गंभीर और निंदनीय विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। किसान, मजदूर और गरीबों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि नकटी तो एक झांकी है, अभी पूरा छत्तीसगढ़ बाकी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि संघर्ष के दौरान किसी प्रकार की कार्रवाई होती है तो वे उसका सामना करने के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी ने कहा कि जब राम मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा लेती है तो मंदिर में हुई कथित गड़बड़ी की नैतिक जिम्मेदारी भी उसे स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादे सत्ता में आने के बाद भुला दिए जाते हैं, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कथित चोरी के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कार्यक्रम का संचालन नवापारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामा यादव ने किया।
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष चंद्रहास साहू, नपा के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंह, शेखर बाफना, डोमन साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष गिरधारी साहू, पार्षद रामरतन निषाद, राजा चावला, निर्माण यादव, अजय साहू,राकेश सोनकर, सुरेंद्र साहू,चतुर जगत, दीपाली राजपूत, टिकेश्वर गिलहरे, अर्जुन साहू, अनुप खरे, हेमंत साहनी,फागु देवांगन,तरूण कंसारी, वीरेंद्र राजपूत, रामकुमार शर्मा, शंकर साहू, बजरंगी कंसारी, गुड्डु मिश्रा, सौरभ सोनी, अजय गाड़ा, घनश्याम साहू, विक्की साहू, कोमल चक्रधारी, शेखर साहू, निगम पटेल, शशिप्रकाश साहू,प्रकाश माहेश्वरी, गोपाल साहू, धन्नु पाल, कुंजलाल साहू, गणपत साहू, राजू पाल, सज्जन साहू, देवनाथ साहू, ललक साहू, गिरीश साहू, देवदत्त सेन रूखमनी साहू ,शीतल जगत, दुरपति सोना, नीला जगत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।